हज-उमराह यात्रियों का मोहल्लेवासियों ने किया इस्तकबाल, दुआओं के साथ दी विदाई
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। शहर के गुलजारपुरा निवासी इस्लाम कुरैशी अपनी माता रईसा बेगम के साथ आगामी 17 जुलाई को हज-उमराह की पवित्र यात्रा के लिए सऊदी अरब रवाना होंगे। इस मुकद्दस सफर पर रवाना होने से पूर्व मंगलवार शाम को मोहल्ले में उनके सम्मान में एक भव्य इस्तकबाल (स्वागत) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों और समाजबंधुओं ने पहुंचकर दोनों यात्रियों को मुबारकबाद दी और उनकी सकुशल यात्रा तथा हज-उमराह की कुबूलियत के लिए बारगाहे-इलाही में दुआ की। इस अवसर पर उपस्थित प्रबुद्धजनों ने कहा कि हज और उमराह इस्लाम का अत्यंत पवित्र इबादती सफर है। अल्लाह जिसे अपने घर की हाजिरी का मौका देता है, वह बड़ा खुशकिस्मत होता है। मोहल्लेवासियों ने इस्लाम कुरैशी व उनकी माता रईसा बेगम से मक्का मुकर्रमा और मदीना मुनव्वरा में देश, प्रदेश और मकराना नगर की अमन, खुशहाली, आपसी भाईचारे एवं तरक्की के लिए विशेष दुआ करने का आग्रह भी किया। कार्यक्रम के दौरान समाज के लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर दोनों यात्रियों का पुरजोश इस्तकबाल किया और उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे स्वस्थ एवं सकुशल अपने वतन लौटें। इस दौरान पूरे माहौल में खुशी और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण रहा। इस विदाई व सम्मान कार्यक्रम के अवसर पर अब्दुल रशीद, जावेद, इमरान, मुख्तार अहमद, शौकत अली, हारून, अरफान खत्री, नबी, जाकिर हुसैन, निसार अहमद सहित मोहल्ले के अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजबंधु मौजूद रहे।


