पेंशनर्स को आरजीएचएस कार्ड से दवाईयां देने के निर्देश; दवाईयां नहीं देने पर लाइसेंस होगा निरस्त
आरजीएचएस के सुचारू संचालन के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) पेंशनर्स यूनियन के अध्यक्ष डॉ. डोरीलाल ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को शिकायत की है कि आरजीएचएस योजना के अन्तर्गत जो मेडिकल स्टोर संचालित है वे मेडिकल स्टोर पेंशनर्स को गुणवत्तापूर्ण दवाईयां उपलब्ध नहीं करवा रहे हैं। हम पेंशनर्स दवाईयों के लिए इधर से उधर भटकते रहते हैं अंत में हमें महंगे दामों पर नगद राशि से दवाईयां खरीदनी पड रही हैं। उन्होंने मांग की है कि आरजीएचएस योजना के अन्तर्गत चिकित्सक द्वारा लिखी पर्ची पर दवाईयां नहीं देने वाले मेडिकल स्टोर पर नियमानुसार कार्यवाही की जावे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ0 गौरव कपूर ने बताया कि राज्य सरकार राजस्थान गर्वेमेंट हेल्थ स्कीम के सुदृढीकरण एवं सुचारू संचालन के लिए प्रतिबद्ध है। इस दिशा में निरंतर जरूरी कदम उठाये जा रहे हैं और योजना में जरूरी बदलाव भी किये जा रहे हैं ताकि लाभार्थियों को इस योजना का पूरा लाभ सुगमता से मिले और योजना में किसी भी स्तर पर कोई गडबडी एवं अनियमितता की गुंजाइश नहीं रहे। अनुचित तरीके से योजना पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाले पक्षों के विरूद्ध राज्य सरकार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने सभी मेडिकल स्टोर एवं निजी चिकित्सालय जो आरजीएचएस योजना से जुडे हुए हैं को निर्देशित किया है कि आपके मेडिकल स्टोर पर पेंशनर्स एवं आरजीएचएस धारक चिकित्सक से पर्ची पर दवाईयां लिखवा कर लाता है तो उसे गुणवत्तापूर्ण दवाईयां उपलब्ध करवाई जाएं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार कोई भी मेडिकल स्टोर जो आरजीएचएस योजना से जुडा हुआ है दवाईयां देने से इंकार नहीं कर सकता है। इस बावत यदि कोई शिकायत कार्यालय को प्राप्त होती है या दवाई देने से मना करता है तो राज्य सरकार के नियमानुसार कठोर कार्यवाही अमल में लाई जावेगी एवं आरजीएचएस योजना से संबद्धता निरस्त करने जैसे कदम उठाये जा सकते है। राज्य सरकार की मंशा अनुरूप योजनान्तर्गत लाभार्थियों को ईलाज में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।


