दिनदहाड़े बाइक चोरी, मकराना राजकीय अस्पताल के बाहर से स्प्लेंडर प्लस पार, पीड़ित ने पुलिस से लगाई बरामदगी की गुहार
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। शहर में वाहन चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। चोरी का एक ताजा और सनसनीखेज मामला मकराना के राजकीय अस्पताल के सामने से सामने आया है, जहां इलाज के लिए पहुंचे एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल दिनदहाड़े चोरी हो गई। पीड़ित ने इस संबंध में मकराना पुलिस थाने में लिखित रिपोर्ट देकर बाइक बरामद करने और चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विजय पैलेस निवासी राजूसिंह पुत्र बोदूसिंह रावणा राजपूत ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 10 जुलाई 2026 को सुबह करीब 11 बजे वह अपने पुत्र का चेकअप कराने के लिए राजकीय अस्पताल आए थे। उन्होंने अपनी स्प्लेंडर प्लस बाइक (रजिस्ट्रेशन नंबर RJ37SF8655, मॉडल2013) को अस्पताल के बाहर सुरक्षित खड़ा किया था। लेकिन जब वे उपचार करवाकर वापस लौटे, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई, बाइक मौके से गायब थी। पिड़ित ने अस्पताल के आस-पास और पार्किंग क्षेत्र में काफी खोजबीन की, लेकिन मोटरसाइकिल का कहीं कोई सुराग नहीं लगा। उन्होंने पुलिस से वाहन चोरी का मामला दर्ज कर जल्द से जल्द बाइक बरामद करने की गुहार लगाई है। शहर में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की वारदातों को लेकर स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश और चिंता का माहौल है। आम जनता का कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों से दिनदहाड़े गाड़ियाँ चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करता है।


