महिला आरक्षण विधेयक लागू करने की मांग: अलवर में महिला कांग्रेस ने शुरू किया हस्ताक्षर और पोस्टकार्ड अभियान
अलवर (अनिल गुप्ता) राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में जिले में "महिला आरक्षण विधेयक" को तुरंत लागू करने की मांग को लेकर एक व्यापक हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की गई है। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए विधेयक को बिना किसी देरी के धरातल पर उतारने की मांग की।
महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों ने कहा कि महिला आरक्षण की ऐतिहासिक पहल पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी द्वारा की गई थी। केंद्र सरकार ने संसद से इस विधेयक को पारित तो करवा दिया है, लेकिन नीयत साफ न होने के कारण इसे अब तक लागू नहीं किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि देश में जातीय जनगणना पूर्ण होते ही महिला आरक्षण विधेयक को तुरंत प्रभाव से लागू किया जाना चाहिए।
- प्रधानमंत्री को भेजे पोस्टकार्ड, जोड़ा मिस्ड कॉल अभियान:
इस अभियान के तहत विशेष रूप से महिलाओं, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की महिलाओं को आरक्षण के भीतर उचित प्रतिनिधित्व और कोटा सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई। इस मांग के समर्थन में देश के प्रधानमंत्री को बड़ी संख्या में पोस्टकार्ड भेजे गए।
इसके साथ ही, जिले में महिला कांग्रेस को मजबूत करने के लिए एक विशेष सदस्यता अभियान भी शुरू किया गया है। इसके तहत मिस्ड कॉल के माध्यम से अधिक से अधिक महिलाओं को कांग्रेस की रीति-नीतियों से अवगत करवाकर संगठन से जोड़ा जा रहा है। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं।


