बदायूं में भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी का ऐतिहासिक स्वागत: डॉ. शैलेश पाठक के नेतृत्व में उमड़ा जनसैलाब
बदायूं/यूपी: (अभिषेक वर्मा) भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरन लाल लोधी के बदायूं के प्रथम आगमन पर रविवार को इतिहास रच गया। भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. शैलेश पाठक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने उनका ऐसा अभूतपूर्व और जोरदार स्वागत किया, जिसने आगामी राजनीतिक सरगर्मियों को और तेज कर दिया है।
बदायूँ स्थित सुरजीत गुप्ता के 'आदर्श मोटर्स' प्रांगण में आयोजित इस भव्य स्वागत समारोह में सुबह से ही भारी उत्साह देखा गया। ढोल-नगाड़ों की थाप, शानदार आतिशबाजी और गगनभेदी नारों के बीच डॉ. शैलेश पाठक के नेतृत्व में विशाल जनसमूह ने क्षेत्रीय अध्यक्ष का मालाएं और बुके भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया।
- मुझ जैसे जमीनी कार्यकर्ता को जिम्मेदारी देना बड़ी बात: क्षेत्रीय अध्यक्ष
इस ऐतिहासिक स्वागत से गदगद होकर नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी ने भावुक होते हुए डॉ. शैलेश पाठक और उनकी पूरी टीम का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक को सम्मान देती है। आज मुझ जैसे जमीनी कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी और सम्मान देना सिर्फ और सिर्फ भाजपा में ही संभव है। बदायूं की देवतुल्य जनता और डॉ. शैलेश पाठक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जो प्यार मुझे दिया है, उसका मैं सदैव ऋणी रहूँगा।"
- ब्रज क्षेत्र में पार्टी लिखेगी नया इतिहास: डॉ. पाठक
समारोह के संयोजक और भाजपा नेता डॉ. शैलेश पाठक ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बदायूं की जनता और कार्यकर्ताओं का दिल से आभार जताया। उन्होंने कहा कि पूरन लाल लोधी के नेतृत्व में ब्रज क्षेत्र में पार्टी एक नया इतिहास लिखेगी और संगठन को और मजबूती मिलेगी।
वहीं, सुरजीत गुप्ता (आदर्श मोटर्स) द्वारा न सिर्फ क्षेत्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया गया, बल्कि संगठन को मजबूती देने और इस भव्य आयोजन के लिए भाजपा नेता डॉ. शैलेश पाठक का भी विशेष रूप से सम्मान और आभार व्यक्त किया गया। स्वागत समारोह में मुख्य रूप से राकेश वर्मा, प्रवेश सिंह, सुधीर शर्मा, पंकज मिश्रा, शिवम् पांडे, वीरेश यादव, सुभाष यादव, ओमेंद्र कश्यप, वीरेन्द्र कश्यप, सीताराम कश्यप, रविन्द्र माथुर, अरविंद अग्निहोत्री, सुधीर अग्निहोत्री समेत भारी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


