एलएन डोकानिया चैरिटेबल ट्रस्ट का 65वाँ निःशुल्क चिकित्सा शिविर सोमवार को; पाइल्स और मोतियाबिंद की होगी जाँच
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव)। कस्बे के प्रमुख सेवा संस्थान एलएन डोकानिया चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में आगामी सोमवार 13 अप्रेल को 65वें विशाल निःशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं पाइल्स शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर कस्बे में एसबीआई बैंक के पास वाली गली में स्थित डोकानिया टाउन हॉल में आयोजित होगा।
ट्रस्ट के प्रतिनिधि श्याम सुंदर डोकानिया ने बताया कि सोमवार को आयोजित होने वाले इस शिविर में शंकरा आई हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मोतियाबिंद की जाँच एवं परामर्श दिया जाएगा। इसके साथ ही, पाइल्स (बवासीर), फिशर और फिस्टुला जैसे रोगों के लिए विशेषज्ञ डॉक्टर अपनी निःशुल्क सेवाएं प्रदान करेंगे।
परामर्श के उपरांत ट्रस्ट की ओर से मरीजों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध करवाई जाएंगी। शिविर का समय सोमवार प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
श्याम सुंदर डोकानिया ने उदयपुरवाटी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर इस चिकित्सा शिविर का लाभ उठाएं। ट्रस्ट निरंतर जनहित के कार्यों और स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता के लिए संकल्पबद्ध है।


