बम-बम भोले के जयकारों से गुंजायमान हुआ तसई: 60 शिवभक्त हरिद्वार रवाना; प्रशासक ने दिखाई हरी झंडी
कठूमर (दिनेश लेखी)। उपखंड क्षेत्र के निकटवर्ती गांव तसई स्थित प्राचीन पातालेश्वर महादेव सेवा समिति के तत्वावधान में शुक्रवार को ऐतिहासिक द्वितीय शिव रथ कांवड़ यात्रा का भव्य शुभारंभ किया गया। यात्रा को ग्राम पंचायत तसई के प्रशासक मुकेश सिंह चौहान ने हरी झंडी दिखाकर हर की पौड़ी, हरिद्वार के लिए रवाना किया।
यात्रा की रवानगी से पूर्व सभी कांवड़िए एवं ग्रामीण प्राचीन पातालेश्वर महादेव मंदिर परिसर में एकत्रित हुए। जहां पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूर्ण विधि-विधान के साथ भगवान शिव का पूजन-अर्चन करवाया गया। श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का अभिषेक कर यात्रा की सफलता तथा क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की मंगलकामना की। इसके पश्चात "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के गगनभेदी जयघोषों के बीच लगभग 60 शिवभक्तों का दल हरिद्वार के लिए रवाना हुआ।
सेवा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि सभी श्रद्धालु हरिद्वार की पवित्र हर की पौड़ी से गंगाजल लेकर पुनः तसई लौटेंगे, जिसके बाद प्राचीन पातालेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया जाएगा। यात्रा को लेकर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा गया। रवानगी के दौरान ग्रामीणों ने स्थान-स्थान पर पुष्पवर्षा कर शिवभक्तों का जोरदार स्वागत किया।
इस अवसर पर चौहान ईंट भट्टे वाले, पूर्व सरपंच बच्चू सिंह चौहान, लाल सिंह चौहान, सहाब सिंह चौहान, ओमप्रकाश सिंह चौहान, सत्येन्द्र सिंह चौहान, पिंटू सिंह चौहान, मगना फौजी, सीताराम मीणा, छोटू मीणा, भूवनेश सिंह चौहान, सत्यवान सिंह चौहान, राजवीर सिंह, रामकिशन कोली, बलवीर कोली, ठेकेदार चरण सिंह (नहनू), मनोज सिंह, अरुण सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

