नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, अवैध मादक पदार्थ के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
मंडावर (दौसा/ अवधेश अवस्थी) जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंडावर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 किलो 654 ग्राम टोडा तथा 203 ग्राम गांजा बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामफूल सैनी, निवासी गढ़ हिम्मत सिंह, के रूप में हुई है। यह कार्रवाई दौसा पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के निर्देश पर अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन-किन लोगों तक की जा रही थी।

