बीजेपी ने 8 दिन में बदली संभागीय चुनाव संचालन समिति, 5 नए जिलों में जिलाध्यक्ष नियुक्त
जयपुर। राजस्थान में आगामी पंचायत और निकाय चुनावों की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संभागीय चुनाव संचालन समिति में बड़ा फेरबदल किया है। महज 8 दिन पहले जारी की गई सूची को संशोधित करते हुए पार्टी ने रविवार को 22 नेताओं की नई सूची जारी की।
इस नई सूची में सबसे दिलचस्प बदलाव वरिष्ठ नेताओं की जिम्मेदारी को लेकर रहा। पुरानी सूची में शामिल सांसद घनश्याम तिवाड़ी और पार्टी की पूर्व उपाध्यक्ष संतोष अहलावत को नई समिति से बाहर कर दिया गया है। घनश्याम तिवाड़ी को अब स्थानीय निकाय चुनाव घोषणा पत्र समिति (जयपुर) और संतोष अहलावत को झुंझुनूं की कमान सौंपी गई है। वहीं, सांसद अलका गुर्जर, पूर्व सांसद राजेन्द्र गहलोत और पूर्व उपाध्यक्ष प्रसन्नचंद मेहता को नई समिति में जगह दी गई है।
पक्षपात के आरोपों से बचने के लिए बदला समीकरण
सूत्रों के अनुसार, शुरुआती सूची में स्थानीय नेताओं को उन्हीं के संभाग की जिम्मेदारी दे दी गई थी, जिस पर सवाल खड़े हो रहे थे। चुनावी प्रक्रिया में निष्पक्षता बनाए रखने और पक्षपात के आरोपों से बचने के लिए पार्टी ने अब नेताओं को उनके गृह संभाग के बजाय दूसरे संभागों का प्रभार सौंपा है।
- 5 नेताओं का बदला संभाग: लालचंद कटारिया को जयपुर की जगह अजमेर, अरुण चतुर्वेदी को भरतपुर से अजमेर, शंकर सिंह राजपुरोहित को भरतपुर से जयपुर, अशोक परनामी को अजमेर से भरतपुर और ज्योति मिर्धा को अजमेर की जगह बीकानेर संभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
5 नव-गठित संगठनात्मक जिलों में जिलाध्यक्षों का ऐलान
इसके साथ ही भाजपा ने प्रदेश के 5 नए संगठनात्मक जिलों में जिलाध्यक्षों की नियुक्तियां भी कर दी हैं। सलूंबर में चंद्रशेखर जोशी, कोटपूतली-बहरोड़ में सुरेश सैनी, ब्यावर में आशीष सांड, डीग-कुम्हेर में सतीश बंसल और जयपुर देहात उत्तर में जितेन्द्र शर्मा को जिलाध्यक्ष की कमान सौंपी गई है।

