अलवर से नौगांवा तक मिठाई की दुकानों पर छापेमारी, कई प्रतिष्ठानों से लिए खाद्य पदार्थों के नमूने,120 किलो रंगीन व दूषित मिठाई नष्ट
अलवर। दीपावली के त्योहार पर मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच आमजन की सेहत से खिलवाड़ करने वाले कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। राज्य सरकार के 'शुद्ध आहार मिलावट पर वार' अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अलवर शहर से लेकर नौगांव कस्बे तक विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों पर औचक छापेमारी की। इस दौरान करीब 120 किलोग्राम अत्यधिक रंगयुक्त एवं पुरानी दूषित मिठाई मौके पर ही नष्ट करवाई गई। वहीं, कई प्रतिष्ठानों से मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण जयपुर अविचल चतुर्वेदी तथा जिला कलक्टर अलवर आर्तिका शुक्ला के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. योगेंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
अलवर शहर में मिठाई दुकानों पर औचक निरीक्षण
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने अलवर शहर के बाजार स्थित प्यारेलाल रसगुल्ले वाले के प्रतिष्ठान से रसगुल्ले का नमूना लिया। निरीक्षण के दौरान कारखाने में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर संचालक को सुधार नोटिस जारी किया गया।
इसी क्रम में पंसारी बाजार स्थित जैन स्वीट्स से चमचम एवं बर्फी के नमूने लिए गए। यहां भी साफ-सफाई में कमी पाए जाने पर संचालक को इंप्रूवमेंट नोटिस दिया गया। इसके अलावा दुकान पर रखी करीब 100 किलोग्राम अत्यधिक रंगयुक्त चमचम मिठाई को मौके पर ही नष्ट करवाया गया।
वहीं, नयावास स्थित लालचंद हलवाई से ड्राई फ्रूट लड्डू एवं काजू कतली के नमूने लिए गए। स्कीम नंबर दो स्थित आध्यम कैटरर्स से बादाम बर्फी एवं अखरोट बर्फी के नमूने जांच के लिए एकत्रित किए गए।
नौगांव में भी पहुंची खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम
खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई नौगांव कस्बे तक पहुंची। यहां चतर सिंह हलवाई से कलाकंद, जैन स्वीट्स से रसगुल्ला एवं मावा तथा नेमीचंद मिष्ठान भंडार से कलाकंद का नमूना लिया गया। निरीक्षण के दौरान नेमीचंद हलवाई के यहां करीब 20 किलोग्राम पुरानी एवं दूषित मिठाई मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट करवाया गया।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी सख्त कार्रवाई
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. योगेंद्र कुमार शर्मा के अनुसार, सभी प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की आमजन से अपील
त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से भी सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने मिठाई एवं अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकिंग डेट, एक्सपायरी डेट और पैकेट पर अंकित अन्य विवरणों की जांच करने की सलाह दी है। साथ ही अखबार में लिपटे खाद्य पदार्थ नहीं खरीदने और अत्यधिक कृत्रिम रंगों से तैयार की गई चमकीली मिठाइयों से बचने का आग्रह किया है।
दीपावली की मिठास में मिलावट का जहर न घुले, इसके लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट पर सबकी नजर रहेगी, जिसके आधार पर मिलावट के दोषियों पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

