भीलवाड़ा में कांग्रेस की हुंकार: पंचायत राज व निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर देहात कांग्रेस की बैठक संपन्न
पंचायत राज व निकाय चुनावों में जीत का संकल्प, भीलवाड़ा देहात कांग्रेस ने भरी हुंकार
भीलवाड़ा/ राजकुमार गोयल
आगामी पंचायत राज एवं नगर निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी भीलवाड़ा (देहात) की महत्वपूर्ण साधारण सभा सोमवार को हरणी महादेव स्थित सोनी (माहेश्वरी) धर्मशाला में आयोजित हुई। पूर्व मंत्री एवं जिलाध्यक्ष रामलाल जाट की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जिला प्रभारी एवं पूर्व मंत्री नसीम अख्तर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीढ़ बताते हुए एकजुट होकर अभी से चुनावी मैदान में जुटने का आह्वान किया।
"बूथ मजबूत तो जीत पक्की": रामलाल जाट
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रामलाल जाट ने कहा कि कांग्रेस जमीनी स्तर पर मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं की पार्टी है। पंचायत राज व निकाय चुनाव जनता के स्वाभिमान की लड़ाई हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को "बूथ मजबूत तो जीत पक्की" का मूल मंत्र देते हुए गांव-गांव जाकर संगठन को मजबूत करने का निर्देश दिया। बैठक में जिला सह प्रभारी कैलाश झालीवाल एवं मांडल विधानसभा प्रभारी भगवान मुक्कड़ ने भी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
हरणी महादेव में किया जलाभिषेक
बैठक के समापन के बाद जिलाध्यक्ष रामलाल जाट, जिला प्रभारी नसीम अख्तर सहित वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सावन के सोमवार के अवसर पर प्रसिद्ध हरणी महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया और जिले की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष कैलाश व्यास, पूर्व विधायक प्रदीप कुमार सिंह, राजेंद्र त्रिवेदी, दुर्गेश शर्मा, महेश सोनी, भंवर गर्ग, प्रद्युमन सिंह सहित बड़ी संख्या में ब्लॉक व मंडल अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

