विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत जिले में 70 यूनिट रक्तदान ,जिला कलेक्टर कमर चौधरी ने रक्तदान शिविर का अवलोकन
भरतपुर / कोशलेन्द्र दत्तात्रेय
विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत गुरुवार को जिले में राजकीय आरबीएम अस्पताल भरतपुर एवं जिला अस्पताल नदबई में रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया तथा रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
राजकीय आरबीएम अस्पताल में आयोजित रक्तदान शिविर का जिला कलक्टर कमर चौधरी ने अवलोकन कर शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और रक्तदाताओं से संवाद करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए तथा उनके सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है और स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है। उन्होंने रक्तदान शिविरों के साथ जिले में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लोगों को रक्तदान की ऑनलाइन शपथ लेने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की यह भागीदारी स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता और जनसेवा की भावना को दर्शाती है। रक्तदान से पूर्व रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई तथा निर्धारित स्वास्थ्य मानकों के अनुसार सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रहण किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गौरव कपूर ने बताया कि जिले में गुरुवार को आयोजित रक्तदान शिविरों में कुल 70 रक्तदाताओं ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। इनमें राजकीय आर बी एम अस्पताल में 51 एवं जिला अस्पताल नदबई में 9 तथा प्राइवेट ब्लड बैंक में 10 लोगों ने रक्तदान किया। उन्होंने बताया कि विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत 18 अक्टूबर तक जिले के चिकित्सा संस्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किये जायेगे। शुक्रवार को उप जिला अस्पताल रुपवास में रक्तदान शिविर आयोजित किया जायेगा।
इस अवसर पर प्रिंसिपल मेडिकल कॉलेज डॉ. विवेक भारद्वाज, अधीक्षक आरबीएम डॉ. नगेंद्र भदौरिया, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. पदम सिंह, जिला कार्यक्रम समन्वयक ब्लड सेल पवन कुमार सहित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।

