माली समाज ने भरी हुंकार: शिक्षा, संगठन और राजनीतिक एकजुटता से ही संभव है समाज का समग्र विकास
राजनीति में भागीदारी के बिना समाज का विकास असंभव: माली समाज की संयुक्त बैठक में उभरा सुर
भीलवाड़ा / राजकुमार गोयल। राजस्थान प्रदेश माली (सैनी) महासभा के राजनीतिक जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को सांगानेर रोड स्थित सिंदरी का बालाजी परिसर में छह गांवों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के सैकड़ों प्रबुद्धजनों ने भाग लेकर सामाजिक और राजनीतिक चेतना को मजबूत करने पर गहन विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन महासभा के मंत्री सुखदेव माली (कालसांस) ने किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान समाज में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और सामाजिक एकता को नई दिशा देने की एक महत्वपूर्ण पहल है।
योग्य और ईमानदार नेतृत्व चुनें समाजबंधु: भैरूलाल माली
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष भैरूलाल माली ने स्पष्ट कहा कि राजनीति में सक्रिय भागीदारी के बिना किसी भी समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने समाज से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने तथा योग्य व समाजहितैषी जनप्रतिनिधियों का चयन करने का आह्वान किया।
शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर ज़ोर
कर्मचारी अधिकारी संस्था के जिलाध्यक्ष तोताराम माली ने कहा कि समाज की वास्तविक ताकत उसकी शिक्षा, संगठन और जागरूकता में निहित होती है। सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा को प्राथमिकता देना अनिवार्य है। वहीं, जिला महामंत्री सत्यनारायण (डाबला) ने सभी वर्गों को एकजुट होकर लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने की अपील की।
बैठक में नानूराम गोयल, लालचंद गोयल, पूर्व उपसरपंच जमनालाल माली, तुलसीराम माली, गिरधारी माली, उदयलाल माली सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

