खैरथल-तिजारा में 80वें स्वतंत्रता दिवस की धूम: कलेक्टर अतुल प्रकाश ने फहराया तिरंगा; 38 प्रतिभाएं सम्मानित
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
खैरथल-तिजारा जिलेभर में शनिवार को 80वां स्वाधीनता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास और देशभक्तिपूर्ण माहौल में मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर में आयोजित हुआ, जहां जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। राष्ट्रगान और अनुशासित मार्च पास्ट ने पूरे स्टेडियम में देशभक्ति का जोश भर दिया।
रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
समारोह के दौरान विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति, सामाजिक और सांस्कृतिक संदेशों से ओत-प्रोत रंगारंग प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। विद्यार्थियों ने परेड और मार्च पास्ट में भी अपने बेहतरीन अनुशासन का परिचय दिया।
विभिन्न क्षेत्रों की 38 प्रतिभाएं हुई सम्मानित
समारोह का मुख्य आकर्षण जिले की 38 उत्कृष्ट प्रतिभाओं, अधिकारियों, कर्मचारियों और सामाजिक संस्थाओं का सम्मान रहा:
-
पशुपालन एवं शिक्षा: मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना में सर्वाधिक 2,036 स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र जारी करने पर पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. चन्द्रप्रकाश सैनी को सम्मानित किया गया। वहीं, एआई (AI) के शैक्षणिक उपयोग और उत्कृष्ट परिणाम के लिए शिक्षक गौरव बत्तरा को सम्मान मिला।
-
होनहार छात्र: बोर्ड परीक्षा 2026 में 10वीं की टॉपर अंजलि (98.67%), 12वीं की टॉपर प्रियंका (98.60%) और कनिका (98%) के साथ-साथ 98% से अधिक अंक हासिल करने वाले आशा, पियूष, रजनीत, नेहा और आज्या को सम्मानित किया गया।
-
महिला सशक्तिकरण व सामाजिक सेवा: 'स्वेच्छा संस्था अलवर' को महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए विशेष सम्मान मिला। पर्यावरण व समाज सेवा में श्रीराम यादव और कृष्णा शर्मा सम्मानित हुए।
-
पुलिस एवं प्रशासन: राज-कोप सिटीजन ऐप और साइबर जागरूकता के लिए सुरक्षा सखी सुनीता देवी (ततारपुर थाना) व शिवानी शर्मा (खैरथल थाना) को सम्मानित किया गया। जनसुनवाई निस्तारण के लिए पूजा छितरोलिया तथा नामांकन बढ़ाने पर प्रधानाचार्य संतोष कुमारी, रतिराम सैनी व राकेश कुमार को पुरस्कृत किया गया।
समारोह में विधायक दीपचंद खैरिया, जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर, पूर्व विधायक रामहेत यादव, एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय, एडीएम शिवपाल जाट, एडिशनल एसपी जया सिंह और ट्रेनी आरपीएस नेहा मीना सहित कई अधिकारी व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
किशनगढ़बास में उपखंड स्तरीय समारोह, 30 प्रतिभाओं का सम्मान
उधर, किशनगढ़बास उपखंड मुख्यालय पर आयोजित समारोह में एसडीएम सत्यवीर सिंह यादव ने ध्वजारोहण किया। यहां 30 प्रतिभाओं और शहीद वीरांगनाओं का सम्मान किया गया। स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में डीएसपी लाल सिंह यादव, सीबीईओ चंद्रभान यादव और प्रधान बीपी सुमन सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

