महिला अस्पताल में गर्भस्थ शिशु की मौत, परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर महिला चिकित्सालय में प्रसव से पहले गर्भस्थ शिशु की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों ने कहना है कि यदि समय पर ऑपरेशन किया जाता तो शिशु की जान बच सकती थी।
महिला के पति विशाल ने बताया की 11 अगस्त की रात पेट दर्द होने पर उनकी पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका आरोप है कि डॉक्टरों ने ऑपरेशन की जरूरत पहले ही बताई थी, लेकिन समय रहते ऑपरेशन नहीं किया गया। 16 अगस्त की रात तक शिशु की धड़कन सामान्य थी, जबकि ऑपरेशन से पहले हुई जांच में डॉक्टरों ने गर्भस्थ शिशु की धड़कन बंद होने की जानकारी दी।
घटना के बाद परिजनों ने निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर संबंधित डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं अस्पताल प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

