खैरथल में 4 सितंबर को जन्माष्टमी महोत्सव, मथुरा के कलाकार देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुति
खैरथल ( हीरालाल भूरानी) लाला जयनारायण पांचोदेवी स्मृति ट्रस्ट, खैरथल के सौजन्य से 4 सितंबर 2026, शुक्रवार को जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भव्य जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में मथुरा के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा विशेष सांस्कृतिक संध्या प्रस्तुत की जाएगी। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं एवं भक्ति से जुड़ी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। ट्रस्ट की ओर से समस्त नागरिक बंधुओं को रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम में सपरिवार उपस्थित होने का आग्रह किया गया है। ज्ञात हो कि मूलतः खैरथल निवासी एवं वर्तमान में दिल्ली के प्रतिष्ठित व्यवसायी नवल किशोर झालानी पिछले कई वर्षों से अपनी मातृभूमि खैरथल से जुड़े हुए हैं और यहां निरंतर सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन करते आ रहे हैं। उनके द्वारा जन्माष्टमी महोत्सव के साथ-साथ माता-पिता की जयंती एवं पुण्यतिथि के अवसर पर जीव कल्याण एवं गौसेवा, प्रतिभाशाली व्यक्तित्वों के सम्मान तथा समाज कल्याण से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं। नवल किशोर झालानी द्वारा अपनी मातृभूमि के प्रति इस जुड़ाव और सामाजिक सरोकारों के माध्यम से खैरथल में धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा कार्यों को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। उनके इन प्रयासों को क्षेत्र के नागरिकों एवं समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा सराहा जाता रहा है। जन्माष्टमी महोत्सव के निवेदक नवलकिशोर झालानी, खण्डेलवाल परिवार एवं समस्त निवासी खैरथल हैं।

