अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि: इफको अध्यक्ष दिलीप संघाणी आईसीए ग्लोबल बोर्ड के निदेशक निर्वाचित
हलैना (विष्णु मित्तल) पनामा सिटी में आयोजित इंटरनेशनल कोऑपरेटिव एलायंस (आईसीए) की महासभा के दौरान संपन्न हुए चुनाव में इफको के अध्यक्ष दिलीप संघाणी को आईसीए ग्लोबल बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में ‘एट-लार्ज डायरेक्टर’ के रूप में निर्वाचित किया गया है। उन्होंने इस प्रतिष्ठित वैश्विक चुनाव में तीसरे क्रम पर विजय प्राप्त कर भारतीय सहकारिता आंदोलन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऐतिहासिक गौरव दिलाया है।
संघाणी के निर्वाचन से पनामा में मौजूद भारतीय सहकारी प्रतिनिधिमंडल में खुशी की लहर दौड़ गई और सदस्यों ने "भारत माता की जय" व "वंदे मातरम्" के नारों के साथ इस उपलब्धि का स्वागत किया। जानकारों के अनुसार, यह विजय वैश्विक सहकारिता जगत में भारत के बढ़ते प्रभाव और स्वीकार्यता का प्रमाण है।
वर्तमान में इफको एवं गुज्कोमासोल के अध्यक्ष दिलीप संघाणी पिछले कई दशकों से किसानों, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सहकारी संस्थाओं के सशक्तिकरण के लिए सक्रिय रहे हैं। वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई महत्वपूर्ण दायित्व संभाल चुके हैं।
निर्वाचन के बाद संघाणी ने आईसीए के सभी सदस्य देशों, प्रतिनिधियों और वैश्विक सहकारिता समुदाय का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वे भारत के समृद्ध सहकारिता मॉडल, ग्रामीण अर्थव्यवस्था के अनुभवों और किसानों के हितों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर मजबूती से रखेंगे तथा दुनिया भर में सहकारिता को सशक्त बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। संघाणी का यह निर्वाचन पूरे भारतीय सहकारिता क्षेत्र के लिए एक मील का पत्थर माना जा रहा है।

