गुरुमाया भगत आश्रम पर 22 से रामायण पाठ का शुभारंभ, 25 को संत समागम व भंडारा
हलैना (विष्णु मित्तल) भगवान श्रीकृष्ण की पावन क्रीड़ा स्थली श्री गिरिराज धरण धाम, पूंछरी का लौठा स्थित श्री गुरुमाया भगत आश्रम पर 22 सितम्बर से चार दिवसीय धार्मिक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। श्री गुरुमाया भगत जी भक्त मंडल एवं सिद्ध पुरुष रंगली भगत जी महाराज के शिष्यों के तत्वावधान में आयोजित यह अनुष्ठान राष्ट्रीय संत बालकदास महाराज एवं साधु बाबा के पावन सानिध्य में संपन्न होगा।
आश्रम के सेवकों ने जानकारी देते हुए बताया कि सिद्ध पुरुष स्वर्गीय रंगली भगत जी महाराज की इस तपोभूमि पर 22 सितम्बर को सुबह 9 बजे विधि-विधान से अखंड रामायण पाठ, संत दर्शन, मानव सेवा और भजन-कीर्तन का शुभारंभ होगा। 22 से 24 सितम्बर तक आश्रम परिसर में दैनिक यज्ञ, हवन, संकीर्तन और साधु-सेवा के कार्यक्रम निरंतर चलेंगे।
चार दिवसीय इस महोत्सव का समापन 25 सितम्बर को विशेष धार्मिक अनुष्ठानों के साथ होगा। इस दिन वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ की पूर्णाहुति दी जाएगी। इसके उपरांत विशाल संत समागम आयोजित होगा, जिसमें दूर-दराज से पधारे संत-महंत शिरकत करेंगे। दोपहर में महाप्रसाद (विशाल भंडारे) के साथ इस धार्मिक आयोजन का विधिवत समापन होगा। आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से इस पावन अवसर पर पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

