राजगढ़ में चोरों का आतंक: अर्जुन नगर में मकान का ताला तोड़कर लाखों की नकदी व जेवरात पार
राजगढ (अलवर/ अनिल गुप्ता) टहला थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बीघोता के अर्जुन नगर (धाना का गुवाड़ा) में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने गांव के निवासी कमलेश कुमार मीणा के मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद कमरे में रखे बक्से को तोड़कर उसमें रखे 1 लाख रुपये नकद तथा सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी कर फरार हो गए। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों के होश उड़ गए।
घटना की सूचना तुरंत टहला थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
- इलाके में चोरों का खौफ जारी
गौरतलब है कि टहला थाना क्षेत्र में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। बीते सोमवार की रात भी ग्राम गोलाकाबास में अज्ञात चोरों ने दो ज्वैलर्स की दुकानों के ताले तोड़कर लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस अभी तक गोलाकाबास चोरी का सुराग भी नहीं लगा पाई थी कि बेखौफ चोरों ने अर्जुन नगर में दूसरी बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस गश्त पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।

