खैरथल के सैटेलाइट अस्पताल में ओपीडी 500 पार, विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी से मरीज परेशान
खैरथल (हीरालाल भूरानी)। बारिश का दौर थमते ही क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ने लगा है। जगह-जगह जमा पानी और नमी के कारण मच्छर जनित बीमारियों का खतरा गहरा गया है, जिसका सीधा असर अब स्थानीय सैटेलाइट अस्पताल पर दिखाई दे रहा है। अस्पताल में रोजाना ओपीडी का आंकड़ा 500 के पार पहुंच रहा है।
करीब 80 हजार की आबादी और आसपास के 20 से अधिक गांवों के लिए यह अस्पताल एकमात्र प्रमुख चिकित्सा केंद्र है। मौसमी बीमारियों और मरीजों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए शहरवासियों ने अस्पताल परिसर और संवेदनशील इलाकों में तुरंत फॉगिंग करवाने की मांग उठाई है।
- चिकित्सकों के पद खाली, रेफर होने को मजबूर मरीज
अस्पताल में डॉक्टरों के कुल 13 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से 11 पर चिकित्सक कार्यरत हैं। इसके बावजूद विशेषज्ञ डॉक्टरों (स्पेशलिस्ट) की कमी के कारण गंभीर मरीजों को प्राथमिक इलाज के बाद अन्य बड़े शहरों के अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द विशेषज्ञों की नियुक्ति और फॉगिंग अभियान चलाने की अपील की है।

