हजारों श्रद्धालुओं के साथ निकली भव्य संत शोभायात्रा, रामधाम खेड़ापा में चातुर्मास महोत्सव का शुभारंभ
बावड़ी (जोधपुर /मिश्रीलाल लखारा) बावड़ीउपखंड के खेड़ापा मे अखिल भारतीय रामस्नेही सम्प्रदाय की प्रमुख आचार्यपीठ एवं छोटी काशी के नाम से विख्यात रामधाम खेड़ापा में शनिवार से चातुर्मास महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर वर्तमान पीठाधीश्वर आचार्य पुरुषोत्तमदास महाराज के सानिध्य तथा उत्तराधिकारी संत गोविन्दराम शास्त्री, संत मंडली एवं हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में भव्य संत शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा का शुभारंभ रामधाम खेड़ापा से हुआ, जिसमें हजारों महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर हरि कीर्तन करते हुए डीजे पर भक्ति की स्वरलहरियां सहित ढोल-नगाड़ों और जयघोष के साथ शोभायात्रा चौकीदारों का बास, राजपुरोहितों का बास, बस स्टैंड, कुम्हारों का बास, सुथारों का बास, सियागों एवं धतरवालों की ढाणियां तथा अंबेडकर चौक सहित विभिन्न मार्गों से नगर भ्रमण करते हुए पुनः रामधाम पहुंची।
इस दौरान पूरे मार्ग में श्रद्धालु हाथों में धार्मिक ध्वज-पताकाएं लेकर "रामदास जी महाराज" के जयकारे लगाते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए। विभिन्न स्थानों पर ग्रामीण श्रद्धालुओं ने संतों का पुष्पवर्षा, माल्यार्पण, जयघोष एवं बधावणा के साथ भव्य स्वागत किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
शोभायात्रा के समापन के बाद रामधाम मंदिर परिसर स्थित सत्संग पांडाल में पीठाधीश्वर आचार्य पुरुषोत्तमदास महाराज ने भारतीय संत परंपरा के अनुसार चातुर्मास पर्व का शुभारंभ कराया और इसी स्थान पर प्रतिदिन वर्षा ऋतु के दौरान चातुर्मास में संत-महात्माओं सहित एक ही स्थान पर निवास कर धर्म, संस्कृति एवं आध्यात्मिक चेतना के प्रसार का कार्य करेंगे। चातुर्मास अवधि में रामधाम खेड़ापा में प्रतिदिन सत्संग, भजन, प्रवचन, रामनाम संकीर्तन, आध्यात्मिक साधना तथा विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन होगा, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

