अलवर स्टेशन यार्ड में तकनीकी कार्य के चलते 22 सितम्बर तक मथुरा जाने वाली कई ट्रेनें प्रभावित, दो आंशिक रद्द
अलवर (राजस्थान) उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा अलवर स्टेशन यार्ड में स्थित फुट ओवर ब्रिज पर जरूरी तकनीकी कार्य के चलते ट्रैफिक ब्लॉक लिया जा रहा है। इस कार्य के कारण 19 से 22 सितंबर तक रेल यातायात प्रभावित रहेगा। कई गाड़ियों के संचालन में बदलाव किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द और मार्ग परिवर्तित किया गया है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, मथुरा-अलवर रेलमार्ग पर चलने वाली दैनिक पैसेंजर ट्रेनें सबसे अधिक प्रभावित होंगी। ब्लॉक के चलते यात्रियों को होने वाली असुविधा को देखते हुए रेलवे ने प्रभावित गाड़ियों की सूची जारी की है।
आंशिक रद्द रहने वाली ट्रेनें
- गाड़ी संख्या 51971 (मथुरा–अलवर): 19 से 22 सितंबर तक मथुरा से चलने वाली यह ट्रेन केवल गाजिका स्टेशन तक ही जाएगी। गाजिका से अलवर के बीच इसका संचालन रद्द रहेगा।
- गाड़ी संख्या 51972 (अलवर–मथुरा): 19 से 22 सितंबर तक यह गाड़ी अलवर के बजाय गाजिका स्टेशन से मथुरा के लिए रवाना होगी। अलवर से गाजिका के बीच यह सेवा रद्द रहेगी।
अलवर स्टेशन पर नहीं रुकेगी मथुरा-भिवानी एक्सप्रेस
- गाड़ी संख्या 14726 (मथुरा–भिवानी रेल सेवा) 22 सितंबर को अलवर मुख्य स्टेशन पर नहीं आएगी। यह ट्रेन अलवर बाईपास लाइन से होकर निकाली जाएगी, जिससे इस दिन अलवर स्टेशन पर इसका ठहराव नहीं होगा।
प्रयागराज एक्सप्रेस होगी रेगुलेट
- गाड़ी संख्या 12404 (लालगढ़–प्रयागराज रेल सेवा) जो 22 सितंबर को लालगढ़ से रवाना होगी, वह मार्ग में 30 मिनट रेगुलेट (रोककर) चलाई जाएगी।
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले रेल मदद हेल्पलाइन नंबर 139 या नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम (NTES) ऐप पर अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति अवश्य जांच लें।

