अलवर में बिजली ठीक करने चढ़ा लाइनमैन 11 KV लाइन की चपेट में आया, 15 फीट की ऊंचाई से गिरा; JEN पर लापरवाही का आरोप
अलवर (अनिल गुप्ता) अरावली विहार थाना क्षेत्र की श्रीराम कॉलोनी में रविवार सुबह बिजली सुधारने गया एक संविदा लाइनमैन 11,000 केवी की हाईटेंशन लाइन में अचानक करंट आने से बुरी तरह झुलस गया। करंट का जोरदार झटका लगते ही कर्मचारी लगभग 15 फीट की ऊंचाई से नीचे आ गिरा। स्थानीय लोगों और सहकर्मियों की मदद से घायल को तुरंत जिला सामान्य अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पीड़ित अभय सिंह जाट (निवासी ढाकपुरी, मालाखेड़ा) ने कनिष्ठ अभियंता (JEN) पर शटडाउन में भारी लापरवाही का आरोप लगाया है। अभय के अनुसार, वह एक निजी कंपनी के जरिए बिजली विभाग में कार्यरत है। श्रीराम कॉलोनी में फॉल्ट की शिकायत मिलने पर उसने काम शुरू करने से पहले इंदिरा गांधी स्टेडियम स्थित कार्यालय में तैनात JEN रवि विजय को फोन कर शटडाउन लिया था।
अधिकारी से शटडाउन की हरी झंडी मिलने और पुष्टि होने के बाद ही वह पोल पर चढ़ा था। लेकिन लाइन में करंट चालू था, जिससे यह हादसा हो गया। घटना के बाद बिजली विभाग की शटडाउन प्रक्रिया और सुरक्षा मानकों में समन्वय को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

