दामाद ने ससुर पर दरांती से किया जानलेवा हमला, सिर पर भी किए वार; गंभीर हालत में जयपुर रेफर

Sep 21, 2026 - 14:02
 0
दामाद ने ससुर पर दरांती से किया जानलेवा हमला, सिर पर भी किए वार; गंभीर हालत में जयपुर रेफर

भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय)  खेड़ली मोड़ थाना क्षेत्र के बिजवारी गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान एक दामाद द्वारा अपने ससुर पर धारदार दरांती से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में 62 वर्षीय अनूप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी दामाद विश्वेंद्र सिंह को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल अनूप सिंह को उपचार के लिए भरतपुर के जिला आरबीएम अस्पताल लाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, बिजवारी गांव निवासी अनूप सिंह की बेटी लक्ष्मी की शादी वर्ष 2015 में कठूमर निवासी विश्वेंद्र सिंह के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि विश्वेंद्र अलवर जिले में शिक्षक के पद पर कार्यरत है और कथित तौर पर किसी शिक्षिका से संबंध होने के चलते वह अपनी पत्नी लक्ष्मी के साथ मारपीट करता था। इसके चलते लक्ष्मी और उसकी एक बेटी को अनूप सिंह अपने साथ बिजवारी गांव ले आए थे, जबकि दो बच्चे विश्वेंद्र के पास रह रहे थे।

परिजनों के मुताबिक, करीब पांच दिन पहले विश्वेंद्र दोनों बच्चों को भी लक्ष्मी के पास छोड़कर चला गया था। रविवार को विश्वेंद्र बिजवारी गांव पहुंचा और तीनों बच्चों को अपने साथ ले जाने की बात कहने लगा। इस दौरान लक्ष्मी ने अपनी बेटी को अपने पास रखने की बात कही, जिसको लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान विश्वेंद्र ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

ससुर अनूप सिंह ने जब दामाद को गाली-गलौज करने से मना किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान विश्वेंद्र ने धारदार दरांती से अनूप सिंह पर हमला कर दिया। परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने अनूप सिंह पर चार से पांच वार किए, जिनमें एक वार सिर पर भी लगा। हमले में अनूप सिंह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी विश्वेंद्र को पकड़ लिया। इसके बाद उसे खेड़ली मोड़ थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।

घायल अनूप सिंह के पुत्र विक्रम सिंह ने बताया कि उनकी बहन लक्ष्मी की शादी वर्ष 2015 में करीब 40 लाख रुपये खर्च कर धूमधाम से की गई थी। विक्रम का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसका जीजा विश्वेंद्र उसकी बहन को परेशान करता था। रविवार को अचानक हुए विवाद के दौरान विश्वेंद्र ने उनके पिता पर दरांती से हमला कर दिया।

फिलहाल घायल अनूप सिंह का जयपुर के एसएमएस अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। वहीं पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................