उदयपुरवाटी नगर पालिका उपाध्यक्ष चुनाव: भाजपा की रेणू मारवाल 6 मतों से विजयी
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव) कस्बे की नगर पालिका में मंगलवार को उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की रेणू मारवाल (पत्नी गौतम मारवाल) ने जीत हासिल की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार शिवदयाल स्वामी को 6 मतों के अंतर से पराजित किया।
मंगलवार को हुए मतदान में कुल 35 पार्षदों वाले बोर्ड में से 34 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि एक सदस्य ने मतदान में भाग नहीं लिया। मतगणना में भाजपा प्रत्याशी रेणू मारवाल को 20 मत प्राप्त हुए, वहीं कांग्रेस के शिवदयाल स्वामी को 14 मतों से ही संतोष करना पड़ा। निर्वाचन अधिकारी द्वारा परिणाम की औपचारिक घोषणा करते ही भाजपा खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई।
परिणाम सामने आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने कस्बे में विभिन्न स्थानों पर आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी।
चुनाव जीतने के बाद नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष रेणू मारवाल ने अपनी प्राथमिकताएं साझा करते हुए कहा कि कस्बे के विकास को गति देना ही उनका मुख्य ध्येय रहेगा। उन्होंने कहा कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी को साथ लेकर कस्बे में बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

