तखतगढ़ नगर पालिका उपाध्यक्ष चुनाव: भाजपा के रमेश कुमार घाची 6 मतों से विजयी, कार्यकर्ताओं ने निकाला भव्य विजय जुलूस
तखतगढ़ (पाली/ कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) तखतगढ़ नगर पालिका के नवनिर्वाचित बोर्ड में अध्यक्ष पद के चुनाव के बाद मंगलवार को उपाध्यक्ष पद पर भी भारतीय जनता पार्टी ने अपना परचम लहरा दिया। रोमांचक और त्रिकोणीय मुकाबले में भाजपा प्रत्याशी रमेश कुमार घाची ने 6 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर उपाध्यक्ष पद की कुर्सी पर कब्जा जमाया। परिणाम घोषित होते ही भाजपा खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई और कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की।
त्रिकोणीय मुकाबले में 15 मत हासिल कर जीते रमेश
उपाध्यक्ष पद के लिए मंगलवार को कुल तीन नामांकन दाखिल हुए थे। दोपहर 2 बजे तक संवीक्षा (स्क्रूटनी) में सभी आवेदन वैध पाए जाने के बाद मैदान में भाजपा के रमेश कुमार, रामचंद्र जीनगर और भरत कुमार (सोनी) के बीच त्रिकोणीय मुकाबला तय हुआ। दोपहर 2:30 बजे के बाद पार्षदों का मतदान केंद्र पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ।
शाम 4:32 बजे मतगणना शुरू हुई और 4:51 बजे रिटर्निंग अधिकारी पूरण कुमार एवं जितेंद्र बेबरवाल ने आधिकारिक परिणाम घोषित किए। परिणाम के अनुसार:
- रमेश कुमार (भाजपा): 15 मत
- रामचंद्र जीनगर: 9 मत
- भरत सोनी: 1 मत
रिटर्निंग अधिकारी ने 6 मतों से विजयी रहे रमेश कुमार घाची को उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित करते हुए पद का प्रमाण पत्र सौंपा।
सुरक्षा का रहा पुख्ता पहरा
चुनाव के मद्देनजर नगर पालिका परिसर और आसपास सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। सुमेरपुर डिप्टी भवानी सिंह, तखतगढ़ थाना प्रभारी शैतान सिंह चारण, सांडेराव थाना प्रभारी श्यामराज सिंह तथा सुमेरपुर सदर थाना प्रभारी सहित भारी पुलिस जाब्ता मौके पर तैनात रहा।
जीत के बाद निकला विजय जुलूस
परिणाम सामने आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूल-मालाओं और गुलाल के साथ नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष रमेश कुमार का स्वागत किया। पालिका अध्यक्ष जयश्री नामा, नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष रमेश कुमार घाची सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने कस्बे में डीजे और ढोल-ढमाकों के साथ भव्य विजय जुलूस निकाला, जिसमें कस्बेवासियों ने जगह-जगह स्वागत कर उत्साह जताया।

