'जय नारायणी' के जयकारों से गूंजा हलैना: श्री बनखंडी आश्रम से रवाना हुई पदयात्रा, 26 सितंबर को धाम पर होगा विशाल भंडारा
हलैना / भरतपुर (विष्णु मित्तल)
कस्बा हलैना स्थित श्री बनखंडी आश्रम, नारायणी माता मंदिर से 'नारायणी माता भक्त मंडल' के तत्वावधान में 20वीं विशाल पदयात्रा अगाध श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ नारायणी धाम के लिए रवाना हुई। पदयात्रा को बनखंडी आश्रम के श्री महंत महावीर गिरी जी महाराज ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना के उपरांत हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
200 से अधिक पदयात्री, महिलाओं में दिखा खासा उत्साह
पदयात्रा संघ के अध्यक्ष लाल रामस्वामी ने बताया कि इस वर्ष आयोजित 20वीं पदयात्रा में 200 से अधिक श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। इस बार यात्रा में महिला श्रद्धालुओं की भागीदारी काफी अधिक है। यह पदयात्रा क्षेत्र के महुआ, भुसावर, वैर और नदवई उपखंड क्षेत्र के 48 से अधिक (चार दर्जन) गांवों के लोगों को एकजुट करते हुए निकाली जा रही है।
25 को पहुंचेगी धाम, 26 को होंगे विविध धार्मिक कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पदयात्रा विभिन्न पड़ावों से गुजरते हुए 25 सितंबर को नारायणी धाम पहुंचेगी। इसके पश्चात 26 सितंबर को नारायणी धाम परिसर में माता रानी की विशेष पूजा-अर्चना, महाहवन, भजन संध्या तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
रथ और पदयात्रियों का जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
रवानगी के समय यात्रा के साथ चल रहे विशेष रथ में विराजमान नारायणी माता एवं सेन समाज के आराध्य महाराज के स्वरूपों के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने मन्नतें मांगीं। इस दौरान संतोष सेन, बबलू सेन, रामभरोसी सेन, पवन सिंह, रामबाबू भगत मुहारी आदि समाजसेवियों व ग्रामीणों ने पदयात्रियों का माल्यार्पण व पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया तथा उनके लिए जलपान की व्यवस्था की।

