नगरीय निकाय चुनाव: प्रत्याशियों की सुविधा के लिए राजकीय अवकाश में भी खुला रहेगा व्यय लेखा प्रकोष्ठ; 26 व 27 सितम्बर को जमा करा सकेंगे ब्यौरा
नगरीय निकाय चुनाव: प्रत्याशियों की सुविधा के लिए राजकीय अवकाश (26 व 27 सितम्बर) में भी खुला रहेगा व्यय लेखा प्रकोष्ठ, 29 सितम्बर है अंतिम तिथि
भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय)
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगरीय निकाय चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के लिए व्यय लेखा प्रपत्र ‘क’ जमा कराने की प्रक्रिया जारी है। भरतपुर नगर निगम क्षेत्र में प्रत्याशियों की सुविधा और समयबद्ध प्रक्रिया को पूरा करने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। इसके तहत 26 और 27 सितम्बर को राजकीय अवकाश होने के बावजूद व्यय लेखा जमा कराने वाला प्रकोष्ठ खुला रहेगा।
401 में से अब तक केवल 102 प्रत्याशियों ने दिया लेखा-जोखा
प्रभारी अधिकारी एवं अतिरिक्त निदेशक (पेंशन) आशा पाल मौर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि भरतपुर नगर निगम क्षेत्र से चुनाव लड़ने वाले कुल 401 प्रत्याशियों में से अब तक मात्र 102 प्रत्याशियों ने ही अपना व्यय लेखा प्रपत्र जमा कराया है। शेष 299 प्रत्याशियों को अंतिम समय की भागदौड़ से बचाने और सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से शनिवार और रविवार (26 व 27 सितम्बर) के अवकाश के दौरान भी प्रकोष्ठ को खुला रखने का निर्णय लिया गया है।
कलेक्ट्रेट स्थित कोषालय के ऊपर जमा होंगे प्रपत्र
अधिकारी ने बताया कि जिन प्रत्याशियों ने अभी तक अपने चुनावी खर्च का ब्यौरा जमा नहीं कराया है, वे राजकीय अवकाश के दिन भी कलेक्ट्रेट स्थित कोषालय (ट्रेजरी) के ऊपर बने 'व्यय लेखा प्रकोष्ठ' में उपस्थित होकर व्यय लेखा प्रपत्र ‘क’ मय बिंदुवार वाउचर जमा करा सकते हैं।
प्रशासन ने सभी संबंधित प्रत्याशियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि 29 सितम्बर का इंतजार किए बिना समय पर अपना चुनावी खर्च का लेखा-जोखा जमा कराएं, ताकि निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाएं समय पर पूरी की जा सकें।

