खैरथल में वार्डवासियों ने जनप्रतिनिधियों का किया जोरदार स्वागत विकास की कमी नहीं आने देंगे। रामहेत सिंह यादव

Sep 26, 2026 - 18:16
 0
खैरथल में वार्डवासियों ने जनप्रतिनिधियों का किया जोरदार स्वागत विकास की कमी नहीं आने देंगे। रामहेत सिंह यादव

खैरथल / हीरालाल भूरानी।

खैरथल के वार्ड नंबर 35 में स्थानीय वार्डवासियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा एक भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान नवनिर्वाचित नगर परिषद सभापति विक्रम चौधरी (विक्की), किशनगढ़बास नगरपालिका अध्यक्ष विश्वास यादव, वार्ड 35 के पार्षद जाजन मुलानी तथा किशनगढ़बास के पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव का फूल-माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

सड़कों की मरम्मत और 93 नंबर फाटक पर ओवरब्रिज की उठी मांग

स्वागत समारोह के दौरान स्थानीय नागरिकों ने जनप्रतिनिधियों के समक्ष क्षेत्र की प्रमुख ज्वलंत समस्याओं को रखा। वार्डवासियों ने सड़कों के जीर्णोद्धार व नए निर्माण, अवैध अतिक्रमण हटाने, शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार करने तथा बहुप्रतीक्षित 93 नंबर रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई। जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों की मांगों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का भरोसा दिलाया।

केन्द्रीय मंत्री और बोर्ड के सहयोग से बनेगा मॉडल वार्ड

समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव ने कहा कि केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, सभापति विक्की चौधरी और स्थानीय पार्षद जाजन मुलानी के साझा प्रयासों से वार्ड नंबर 35 को एक सर्वसुविधायुक्त आदर्श वार्ड बनाया जाएगा। उन्होंने सिंधी समुदाय से जुड़े बयानों का खंडन करते हुए कहा कि पूर्व में ओमप्रकाश रोघा को 5 साल प्रधान तथा हारे हुए पार्षद हरीश रोघा को 5 साल नगर परिषद का सभापति बनाने का कार्य किया गया था, लेकिन जनता नगर परिषद में बदलाव चाहती थी।

पार्षद अपहरण विवाद पर साधा निशाना

पूर्व विधायक ने विरोधियों द्वारा लगाए गए पार्षदों के अपहरण के आरोपों पर पलटवार करते हुए सवाल उठाया कि अगर किसी पार्षद के अपहरण का दावा सही है, तो इस संबंध में अब तक कोई एफआईआर दर्ज क्यों नहीं करवाई गई? जबकि हमारी ओर से पार्षदों के अपहरण को लेकर पहले ही तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज करवाई जा चुकी हैं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह ने नारेबाजी कर जनप्रतिनिधियों के प्रति अपना विश्वास जताया।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................