सरपंच मुबीना ने संभाली ग्राम पंचायत नांगल खानजादी की कमान, बुजुर्गों को दी बड़ी राहत; वृद्धावस्था पेंशन सत्यापन होगा निःशुल्क
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन) पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत नांगल खानजादी की नवनियुक्त सरपंच मुबीना ने विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने जनहित में एक सराहनीय पहल करते हुए ग्राम पंचायत क्षेत्र के बुजुर्गों के लिए वृद्धावस्था पेंशन सत्यापन का कार्य निःशुल्क करवाने की घोषणा की। सरपंच की इस पहल को ग्रामीणों ने बुजुर्गों के सम्मान और सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
सरपंच मुबीना ने अपनी प्राथमिकताओं में आमजन की समस्याओं का समाधान, जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना तथा ग्राम पंचायत का सर्वांगीण विकास करने का संकल्प लिया। वृद्धावस्था पेंशन सत्यापन निःशुल्क करने की घोषणा से क्षेत्र के बुजुर्ग पेंशनधारकों को आर्थिक राहत मिलेगी। इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना करते हुए इसे जनसेवा की अच्छी शुरुआत बताया।
कार्यभार ग्रहण के अवसर पर उस्मान खान, वार्ड पंच मुशर्रफ, हनीफ (मेवात एजुकेशन ग्रुप), मनसद, मुस्ताक, उपसरपंच आकुप, उमरदीन, मनजीत सिंह, राजू मीना, इस्पाक, ग्राम सेवक रेखा चौधरी, कनिष्ठ सहायक महेन्द्र, वार्ड पंच अफसर, मोनू, हरदयाल, जगदीश, पोस्टमैन मनीष, कासम, कमल सिंह सहित पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।
इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों ने नवनियुक्त सरपंच मुबीना को शुभकामनाएं एवं बधाई दी। साथ ही ग्राम पंचायत के विकास, स्वच्छता, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और जनसमस्याओं के समाधान में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
ग्रामीणों को उम्मीद है कि सरपंच मुबीना के नेतृत्व में ग्राम पंचायत नांगल खानजादी विकास और जनसेवा के नए आयाम स्थापित करेगी।

