महुवा उपप्रधान चुनाव: 4 में से 3 सीटों पर कांग्रेस का दबदबा, मिश्री देवी गुर्जर निर्विरोध उपप्रधान
महुवा/दौसा (अवधेश अवस्थी)। महुवा विधानसभा क्षेत्र में पंचायत समिति उपप्रधान के चुनाव में कांग्रेस ने अपना दबदबा साबित किया है। शनिवार को संपन्न हुए उपप्रधान चुनाव में विधानसभा क्षेत्र की 4 पंचायत समितियों में से 3 पर कांग्रेस के उपप्रधान, जबकि 1 पंचायत समिति में भाजपा का उपप्रधान निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही पूरे विधानसभा क्षेत्र में जिस पार्टी का उपप्रधान बना, उसके कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। विभिन्न स्थानों पर ढोल-नगाड़े बजे, आतिशबाजी हुई और नवनिर्वाचित उपप्रधानों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया।
महुवा से मिश्री देवी गुर्जर निर्विरोध उपप्रधान घोषित
महुवा पंचायत समिति से कांग्रेस प्रत्याशी मिश्री देवी गुर्जर को निर्विरोध उपप्रधान घोषित किया गया। उनके सामने किसी भी दल ने अपना प्रत्याशी नहीं उतारा।
मिश्री देवी गुर्जर के निर्विरोध उपप्रधान बनने की खबर मिलते ही महुवा कस्बे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और मिठाई बांटकर खुशी मनाई। नवनिर्वाचित उपप्रधान मिश्री देवी गुर्जर ने कहा कि महुवा पंचायत समिति क्षेत्र के सभी गांवों में सड़क, पानी, शिक्षा और स्वच्छता को प्राथमिकता दी जाएगी तथा सभी को साथ लेकर विकास कराया जाएगा।
क्षेत्र में खुशी का माहौल
चुनाव परिणाम आते ही चारों पंचायत समिति क्षेत्रों में समर्थकों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। जगह-जगह आतिशबाजी, ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से नवनिर्वाचित उपप्रधानों का स्वागत किया गया। इस दौरान नवनिर्वाचित उपप्रधानों ने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के साथ सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा और स्वच्छता को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।

