ऐतिहासिक भानगढ़ में बिखरे राजस्थानी लोक संस्कृति के रंग;लोक नृत्यों की शानदार प्रस्तुतियों ने बांधा समां
ऐतिहासिक भानगढ़ में बिखरे राजस्थानी लोक संस्कृति के रंग; मत्स्य उत्सव में कच्ची घोड़ी, कालबेलिया और घूमर की धूम
राजगढ़/गोलाकाबास (अलवर) अनिल कुमार गुप्ता। चार दिवसीय मत्स्य उत्सव-2026 के समापन दिवस पर शनिवार को राजस्थान पर्यटन विभाग के तत्वावधान में गोलाकाबास स्थित ऐतिहासिक पर्यटन स्थल भानगढ़ में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। लोक कला और संस्कृति से सराबोर इस आयोजन में राजस्थानी लोक नृत्यों की छटा बिखरी, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटकों के साथ स्थानीय ग्रामीण भी उमड़ पड़े।
पर्यटक गाइड राजेंद्र मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि अलवर पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में लोक कलाकारों ने राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक कच्ची घोड़ी लोक नृत्य, विश्व प्रसिद्ध कालबेलिया नृत्य तथा मनमोहक घूमर नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक लोक वाद्यों की थाप पर कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों पर उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उत्साहवर्धन किया।
इस सांस्कृतिक आयोजन में पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक संजय कुमार एवं गोलाकाबास सरपंच सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि, पर्यटक गाइड और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक व पर्यटक शामिल हुए। अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल स्थानीय लोक कलाकारों को मंच मिलता है, बल्कि भानगढ़ जैसे ऐतिहासिक स्थलों पर पर्यटन को भी नया बढ़ावा मिलता है।

