डॉ. केके खंडेलवाल के तीसरी बार निर्विरोध चीफ नेशनल कमिश्नर बनने पर खेरली समाज ने किया भव्य सम्मान
खेड़ली (दिनेश लेखी)। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के चीफ नेशनल कमिश्नर पद पर वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. केके खंडेलवाल के लगातार तीसरी बार पांच वर्ष के लिए निर्विरोध निर्वाचित होने पर खेड़ली क्षेत्र में खुशी की लहर है। इस उपलब्धि पर खंडेलवाल वैश्य समाज, खेड़ली की ओर से गुरुग्राम स्थित ब्लिश प्रीमियर बैंक्वेट हॉल में आयोजित समारोह में डॉ. केके खंडेलवाल व उनकी धर्मपत्नी धीरा खंडेलवाल (आईएएस) का भव्य अभिनंदन किया गया।
बीएसजी इंटरनेशनल स्कूल की ओर से आयोजित कार्यक्रम में समाज के प्रतिनिधियों ने खंडेलवाल दंपती को साफा, शॉल, पुष्पगुच्छ व अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में कठूमर विधायक रमेश खींची सहित प्रशासनिक अधिकारी, उद्योगपति, समाजसेवी व सैकड़ों स्काउट्स-गाइड्स मौजूद रहे। वक्ताओं ने डॉ. खंडेलवाल के निर्विरोध निर्वाचन को क्षेत्र व समाज के लिए गौरवपूर्ण बताया।
इस अवसर पर समाज के अध्यक्ष गोकुल खंडेलवाल, मंत्री जगदीश जसोरिया, उपाध्यक्ष भगवान सहाय गुप्ता जहानपुर, मुकेश ठाकुरिया, दीनदयाल खूंटेटा, कोषाध्यक्ष संतोष गुप्ता (गोविंदगढ़ वाले) व रमाकांत जसोरिया सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

