गुरु नानक के जयकारों से गूंजी डीग की गलियां, गुरुवाणी की रसधार में डूबा शहर: 557वें प्रकाश पर्व पर निकली भव्य प्रभात फेरी, अखंड पाठ की संपूर्णता पर सजा कीर्तन दरबार
गुरु नानक के जयकारों से गूंजी डीग की गलियां, गुरुवाणी की रसधार में डूबा शहर557वें प्रकाश पर्व पर निकली भव्य प्रभात फेरी; अखंड पाठ की संपूर्णता पर सजा कीर्तन दरबार, केक कटिंग और अटूट लंगर का हुआ आयोजन
डीग / नीरज जैन (24 नवंबर)। सिख धर्म के प्रथम गुरु, मानवता, समानता, प्रेम और विश्व बंधुत्व का संदेश देने वाले श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व पर मंगलवार को सौघर मोहल्ला स्थित श्री गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धा और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। त्रिदिवसीय प्रकाश पर्व आयोजनों की श्रृंखला में प्रातःकाल शोभायात्रा के रूप में भव्य प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें संगत ने गुरुवाणी का गुणगान करते हुए गुरु महाराज के जयकारों से संपूर्ण वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
श्री गुरुद्वारा साहिब परिसर से प्रारंभ हुई प्रभात फेरी तेलीपाड़ा, लक्ष्मण मंदिर, मुख्य बाजार, घंटाघर, नई सड़क, गणेश मंदिर और पुरानी अनाज मंडी होते हुए पुनः गुरुद्वारा साहिब पहुंची। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं और शहरवासियों ने पुष्पवर्षा कर प्रभात फेरी का आत्मीय स्वागत किया तथा विभिन्न स्थानों पर स्वल्पाहार और प्रसाद वितरण कर संगत की सेवा की।
गुरुद्वारा साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब के अखंड पाठ की संपूर्णता पर भव्य कीर्तन दरबार सजा, जहां गुरुवाणी के मधुर शबदों ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक भावधारा से सराबोर कर दिया। अरदास के पश्चात गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव की खुशियां केक काटकर साझा की गईं। इस अवसर पर ग्रंथी सिंहों को सरोपा भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत-सत्कार किया गया।
दोपहर बाद गुरुद्वारा परिसर में आकर्षक रंगोली सजाई गई, वहीं सायंकाल आयोजित अटूट लंगर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर गुरु का प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन पंजाबी समाज के जिला अध्यक्ष गुलशन कुमार लूथरा ने किया।
इस पावन अवसर पर हरीश अरोड़ा, सोमनाथ अरोड़ा, ज्ञान चावला, सुरेंद्र पाल जग्गी, प्रदीप मनोचा, रमेश अरोड़ा, सुमित बुद्धराजा, महेंद्र सेठी, गुरुचरण लूथरा, अंकित जग्गी, गोल्डी सरदार, पंजाबी समाज के अध्यक्ष अशोक अरोड़ा तथा गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष अमित अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।

