जिला विधिक सेवा प्राधिकरण खैरथल का सचिव पवन जीनवाल ने किया निरीक्षण
खैरथल (हीरालाल भूरानी)। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (रालसा) जयपुर के दिशा-निर्देशानुसार शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर जिला के सचिव पवन जीनवाल ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण खैरथल का विधिवत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं, कार्यप्रणाली तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही विधिक सेवाओं का जायजा लेते हुए विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण खैरथल के सचिव अजीत कुड़ी ने पवन जीनवाल और उनके साथ आई टीम का स्वागत किया तथा निरीक्षण के दौरान साथ रहकर आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराईं।
पवन जीनवाल ने प्राधिकरण कार्यालय की भवन संरचना, साफ-सफाई, मूलभूत सुविधाओं और दैनिक कार्यप्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने रालसा व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विधिक सहायता योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही कार्यालय की फाइलों और दस्तावेजों का परीक्षण कर विधिक सहायता प्राप्त करने वाले लाभार्थियों तथा पीड़ित प्रतिकर सहायता योजना से संबंधित प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की।
इस दौरान तालुका विधिक सेवा स्वयंसेवकों (पीएलवी), लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम (एलएडीसीएस) और पैनल अधिवक्ताओं की कार्यप्रणाली तथा उनके कार्यों का भी मूल्यांकन किया गया। उन्होंने फ्रंट ऑफिस एवं विभिन्न लीगल एड क्लीनिकों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध विधिक सेवाओं और जरूरतमंदों को दी जा रही सहायता के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
उपकारागृह में बंदियों से किया संवाद
निरीक्षण कार्यक्रम के तहत पवन जीनवाल ने उपकारागृह किशनगढ़ बास स्थित जेल विधिक सहायता केंद्र और हेल्प डेस्क का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जेल पहुंचकर बंदियों से मुलाकात की और संवाद कर वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, विधिक सहायता की उपलब्धता तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान बंदियों को मिलने वाली कानूनी सहायता और उनकी समस्याओं के संबंध में भी जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस निरीक्षण का उद्देश्य प्राधिकरण के माध्यम से संचालित योजनाओं व सेवाओं की प्रभावी क्रियान्विति सुनिश्चित करना तथा जरूरतमंदों, पीड़ितों और बंदियों तक निःशुल्क विधिक सहायता की पहुंच को मजबूत बनाना रहा।

