किशनगढ़ बास पंचायत समिति की कमान महिला शक्ति के हाथ; सावित्री देवी 5 वोटों से बनीं उप प्रधान
खैरथल / किशनगढ़ बास (हीरालाल भूरानी)। पंचायत समिति किशनगढ़ बास की सत्ता अब पूरी तरह महिला नेतृत्व के हाथ में आ गई है। शुक्रवार को प्रधान पद पर कांग्रेस की सकुनत के निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद शनिवार को उप प्रधान के चुनाव में भी कांग्रेस की सावित्री देवी ने बाजी मार ली। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी टिकेश कुमार को 5 वोटों के अंतर से पराजित कर उप प्रधान पद पर कब्जा जमाया। निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सत्यवीर सिंह यादव ने सावित्री देवी को विजयी घोषित किया। प्रधान और उप प्रधान दोनों महत्वपूर्ण पदों पर महिलाओं के काबिज होने से कांग्रेस खेमे में जश्न का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर-2 से पंचायत समिति सदस्य का चुनाव जीतने वाली सावित्री देवी पर कांग्रेस ने भरोसा जताते हुए उन्हें उप प्रधान पद का प्रत्याशी बनाया, जबकि भाजपा की ओर से टिकेश कुमार ने नामांकन दाखिल किया। मतदान के बाद हुई मतगणना में कांग्रेस प्रत्याशी सावित्री देवी को 12 मत मिले और भाजपा के टिकेश कुमार को 7 मतों से संतोष करना पड़ा। इस तरह सावित्री देवी ने 5 वोटों से जीत दर्ज की। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जमकर जश्न मनाया।
पहली ही बार में हासिल की बड़ी उपलब्धि बीए, बीएड शिक्षित सावित्री देवी के पति रामवीर गुर्जर किशनगढ़ बास में अधिवक्ता (वकील) हैं। खास बात यह है कि सावित्री देवी ने पहली बार चुनाव लड़ा और पहले ही प्रयास में उप प्रधान की कुर्सी हासिल कर ली। शिक्षित और विधिक समझ रखने वाले परिवार से जुड़ी सावित्री देवी से क्षेत्रवासियों को काफी उम्मीदें हैं।
युवा व शिक्षित महिला नेतृत्व से विकास की आस शुक्रवार को सकुनत का निर्विरोध प्रधान बनना और शनिवार को सावित्री देवी का उप प्रधान निर्वाचित होना क्षेत्र में महिला शक्ति की जीत के रूप में देखा जा रहा है। पंचायत समिति की कमान अब दो युवा व शिक्षित महिलाओं के हाथ में है—एक ओर 26 वर्षीय एमएससी (एग्रीकल्चर) सकुनत प्रधान हैं, तो दूसरी ओर बीए-बीएड सावित्री देवी उप प्रधान हैं। समर्थकों का मानना है कि इस नेतृत्व से शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क और महिला सशक्तीकरण जैसे मुद्दों को प्राथमिकता मिलेगी तथा विकास को गति मिलेगी।
निर्वाचन के बाद उप प्रधान सावित्री देवी अपने परिवार व समर्थकों के साथ विधायक दीपचंद खेरिया के निवास पहुंचीं और उनसे आशीर्वाद लेकर आभार जताया। उल्लेखनीय है कि किशनगढ़ बास पंचायत समिति में लगातार दूसरी बार कांग्रेस का प्रधान बना है।

