महुवा उपप्रधान चुनाव: 4 में से 3 सीटों पर कांग्रेस का दबदबा, मनोहरपुर खेड़ला से भाजपा की संगीता मीणा निर्विरोध
महुवा/दौसा (अवधेश अवस्थी)। महुवा विधानसभा क्षेत्र में पंचायत समिति उपप्रधान के चुनाव में कांग्रेस ने अपना दबदबा कायम किया है। शनिवार को संपन्न हुए उपप्रधान चुनाव में विधानसभा क्षेत्र की 4 पंचायत समितियों में से 3 पर कांग्रेस के उपप्रधान, जबकि 1 पंचायत समिति में भाजपा का उपप्रधान निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही पूरे विधानसभा क्षेत्र में जिस पार्टी का उपप्रधान बना, उसके कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। विभिन्न स्थानों पर ढोल-नगाड़े बजे, आतिशबाजी हुई और नवनिर्वाचित उपप्रधानों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया।
मनोहरपुर खेड़ला से भाजपा की संगीता मीणा निर्विरोध उपप्रधान चुनी गईं
कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा और क्षेत्रीय विधायक राजेंद्र मीणा के गृह क्षेत्र मनोहरपुर खेड़ला पंचायत समिति में भाजपा की श्रीमती संगीता मीणा पहली उपप्रधान निर्विरोध निर्वाचित हुईं।
उनके सामने कांग्रेस सहित किसी भी दल ने अपना प्रत्याशी नहीं उतारा, जिसके चलते संगीता मीणा को निर्विरोध विजेता घोषित किया गया। जीत के बाद महुवा विधायक राजेंद्र मीणा सहित भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। तहसीलदार पृथ्वीराज मीणा ने उन्हें शपथ दिलाकर जीत का प्रमाण-पत्र सौंपा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया।
नवनिर्वाचित उपप्रधान श्रीमती संगीता मीणा ने कहा कि डॉ. किरोड़ीलाल मीणा और क्षेत्रीय विधायक राजेंद्र मीणा के नेतृत्व में क्षेत्र के सभी लोगों की राय के अनुसार गांवों में सड़क, पानी, शिक्षा और स्वच्छता को प्राथमिकता दी जाएगी तथा सभी को साथ लेकर विकास कार्य कराए जाएंगे।

