पावा में प्रधानाचार्य हरिश चंद्र जोशी का अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान, 50 प्रतिशत विद्यालय भूमि करवाई मुक्त
तखतगढ़ (बरकत खान) पावा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पावा की भूमि को अतिक्रमण मुक्त करवाने के लिए प्रधानाचार्य एवं पीईईओ हरिश चंद्र जोशी पिछले दस दिनों से लगातार अभियान चला रहे हैं। उनके दृढ़ संकल्प और समझाइश के परिणामस्वरूप विद्यालय की लगभग 50 प्रतिशत अतिक्रमित भूमि पुनः प्राप्त कर ली गई है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 में भी प्रशासन द्वारा विद्यालय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद पुनः अतिक्रमण की स्थिति उत्पन्न होने पर प्रधानाचार्य जोशी ने विद्यालय की जमीन को सुरक्षित करवाने का बीड़ा उठाया। इस अभियान के दौरान उन्हें विरोध और मौखिक धमकियों का भी सामना करना पड़ा, लेकिन वे अपने संकल्प से पीछे नहीं हटे। उनका कहना है कि विद्यालय की जमीन विद्यार्थियों की धरोहर है और इसकी रक्षा करना उनकी जिम्मेदारी है।
प्रधानाचार्य के प्रयासों से विद्यालय की आधी अतिक्रमित भूमि वापस प्राप्त होना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। शेष भूमि को भी नियमानुसार अतिक्रमण मुक्त करवाने की कार्रवाई जारी है। प्रधानाचार्य हरिश चंद्र जोशी का संकल्प है—विद्यालय की जमीन सुरक्षित होगी, तभी विद्यार्थियों का भविष्य और विद्यालय का विकास सुरक्षित होगा।

