निजी अस्पताल संचालन मामले में कुचामन के जिला अस्पताल के 4 चिकित्सकों को नोटिस जारी
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। निजी अस्पताल संचालन मामले में कुचामन के जिला अस्पताल के 4 चिकित्सकों को नोटिस जारी किया गया है। निदेशक (जन स्वा.) चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग रवि प्रकाश शर्मा ने प्रमुख चिकित्सा अधिकारी जिला चिकित्सालय कुचामन सिटी, जिला डीडवाना कुचामन को जिला चिकित्सालय में कार्यरत चिकित्सकों द्वारा निजी चिकित्सालय संचालित करने बाबत नोटिस जारी किया है। नोटिस के माध्यम से अवगत कराया गया कि राज्य में भीषण गर्मी के प्रकोप से बचाव हेतु उपाय किए जाने एवं जिला प्रभारी अधिकारी के रूप में डॉक्टर रामबाबू जायसवाल राज्य नोडल अधिकारी (दवा) द्वारा दिनांक 6 मई से 10 मई तक जिला डीडवाना कुचामन की चिकित्सा संस्थानों का निरीक्षण किया गया था, निरीक्षण के दौरान राजकीय जिला चिकित्सालय कुचामन सिटी का निरीक्षण किया गया जिसमें चिकित्सकों द्वारा निजी चिकित्सालय संचालित करने की मौखिक शिकायत नागरिकों द्वारा की गई।
राजस्थान सेवा नियमों में राजकीय सेवा में कार्यरत चिकित्सक द्वारा निजी अस्पताल संचालित किए जाने को प्रतिबंधित किया गया है, उसके उपरांत भी जिला चिकित्सालय में कार्यरत चिकित्सक डॉक्टर चेनाराम चौधरी द्वारा शिव अस्पताल, डॉक्टर राजेंद्र खीचड़ द्वारा खीचड़ अस्पताल, डॉक्टर जगदीश महला द्वारा मारवाड़ अस्पताल, डॉक्टर शिवपाल मेंड़ द्वारा क्लीनिक को निजी चिकित्सालय के रूप में संचालित किए जाने के कारण नोटिस जारी किया गया है। इन सभी को नोटिस जारी कर 19 मई 20 मई 2025 तक व्यक्तिगत रूप से निदेशक (जनस्वास्थ्य) के समक्ष प्रस्तुत होकर स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया है। निदेशालय द्वारा स्पष्ट किया गया है कि प्रतिदिन दो चिकित्सकों को प्राप्त 11 बजे उपस्थित होकर सुनवाई में भाग लेना होगा। इस पूरे मामले में अंतिम निर्णय चिकित्सकों द्वारा दिए जाने वाले स्पष्टीकरण के आधार पर लिया जाएगा।

