उदयपुरवाटी:आंतरिक जागृति ही नशा मुक्ति का सशक्त मार्ग: ब्रह्माकुमारी संस्थान के तत्वावधान में विद्यार्थियों ने ली आजीवन व्यसन मुक्त रहने की शपथ
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव): भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित 'नशा मुक्त भारत अभियान', गृह मंत्रालय के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के 'मिशन स्पंदन' तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की 'माय भारत' पहल के तहत प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के तत्वावधान में चल रहे महाअभियान के क्रम में बुधवार को राजस्थान टैगोर फाउंडेशन विद्यालय, उदयपुरवाटी में एक भव्य नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
आंतरिक जागृति से ही संभव है नशा मुक्ति: राजयोगिनी सुनीता दीदी कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी सुनीता दीदी ने अपने सारगर्भित उद्बोधन में विद्यार्थियों को जीवन में नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बाह्य पदार्थों में क्षणिक सुख की खोज ही व्यक्ति को व्यसन के अंधकार की ओर धकेलती है। वास्तविक सुख, शांति और मानसिक शक्ति हमारे अंतर्मन में निहित है। राजयोग के नियमित अभ्यास से जब मनुष्य अपनी आंतरिक शक्तियों को जागृत करता है, तो किसी भी प्रकार के नशे की आवश्यकता स्वतः ही समाप्त हो जाती है।
सुनीता दीदी ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों—जैसे शारीरिक ह्रास, मानसिक अशांति, पारिवारिक विघटन और सामाजिक पतन के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे अपने बहुमूल्य छात्र जीवन को व्यसन मुक्त रखकर, उच्च नैतिक मूल्यों और सद्गुणों को अपनाएं तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
विद्यार्थियों ने ली आजीवन नशा मुक्ति की प्रतिज्ञा कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों को राजयोग मेडिटेशन की गहन अनुभूति कराई गई। इसके पश्चात सभी ने उत्साहपूर्वक जीवनपर्यंत नशे से दूर रहने और समाज को भी व्यसन मुक्त बनाने के लिए संकल्पबद्ध होकर प्रतिज्ञा ली।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर सुनील कुमार सैनी (सोनू सर), महेंद्र कुमार शास्त्री, वरिष्ठ अध्यापक सुनील कुमार सैनी, विकास कुमावत, सुश्री नेहा सैनी, सुश्री सुनीता सैनी, धीरज जांगिड़ सहित समस्त शिक्षक स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं समस्त स्टाफ ने ब्रह्माकुमारी परिवार का इस प्रेरणादायी और मूल्यपरक आयोजन के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया।

