उदयपुरवाटी: श्री टोडरमल पीजी महाविद्यालय में नवमतदाता पंजीकरण हेतु विशेष शिविर आयोजित, युवाओं ने दिखाया उत्साह
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव): स्थानीय कस्बे में घूम चक्कर के समीप स्थित श्री टोडरमल पीजी महाविद्यालय में बुधवार को इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के तत्वावधान में नवमतदाताओं के पंजीकरण के लिए एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के पात्र छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने के प्रति जागरूक करना था।
विद्यार्थियों को दी गई मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की जानकारी शिविर के दौरान व्याख्याता सुभाष सैनी और बीएलओ सुरेश शर्मा ने विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाई। उन्होंने बताया कि किस प्रकार युवा ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से फॉर्म भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। इसके साथ ही, वक्ताओं ने विद्यार्थियों को देश के मजबूत लोकतंत्र में एक-एक वोट के महत्व से भी अवगत कराया।
प्राचार्य और स्टॉफ ने निभाई सक्रिय भूमिका महाविद्यालय के प्राचार्य नरेश कुमार ने स्वयं इस विशेष शिविर में उपस्थित रहकर 18 से 19 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नवमतदाताओं के पंजीकरण कार्य में अपनी सहभागिता निभाई। शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं में गजब का उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में युवाओं ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए पंजीकरण करवाया।
इस अवसर पर व्याख्याता राजेंद्र ढेनवाल, सरवन कुमार, करतार सैनी, कासिम कुरैशी, संगीता चौधरी, सोनाली शर्मा, राजेश सैनी, विनोद कुमार, अमीषा शर्मा, तपेंद्र कुमार, ज्ञानेंद्रपाल सिंह, प्रिया पाराशर, प्रवीण शर्मा और अनिल कुमार सहित समस्त महाविद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।

