खैरथल में मिलावटखोरों पर बड़ा शिकंजा: दूषित सामग्री नष्ट, तीन दुकानें सीज और घी-पनीर के नमूने लिए

Oct 14, 2026 - 19:12
 0
खैरथल में मिलावटखोरों पर बड़ा शिकंजा: दूषित सामग्री नष्ट, तीन दुकानें सीज और घी-पनीर के नमूने लिए

खैरथल (एंकर: हीरालाल भूरानी): राजस्थान विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के दिशा-निर्देशों के तहत खैरथल में मिलावटखोरी, अस्वच्छता और खाद्य सुरक्षा नियमों की गंभीर अनदेखी के खिलाफ एक बड़ा संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश शैलेंद्र व्यास के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने शहर के कई प्रमुख प्रतिष्ठानों पर औचक कार्रवाई की।

दूषित खाद्य सामग्री नष्ट और दुकानें सीज अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेने के साथ-साथ भारी मात्रा में दूषित एवं सड़ी-गली सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया गया।

  • लखन होटल में गंदा पनीर, दूषित सब्जियां और खराब लाल मिर्च मिलने पर उन्हें नष्ट किया गया।

  • रोहित जूस सेंटर और टेंपो स्टैंड स्थित एक अन्य जूस की दुकान को बिना लाइसेंस संचालित पाए जाने और डीप फ्रीजर में कई दिनों से काटकर रखे गए सड़े फल मिलने पर सीज कर दिया गया।

  • राहुल रोचवानी जूस सेंटर पर गंदगी मिलने के साथ ही दो नाबालिग बच्चों से काम कराए जाने का मामला सामने आया, जिस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव के हस्तक्षेप के बाद दोनों बच्चों को तुरंत काम से मुक्त कराया गया।

खालसा मीट शॉप पर भारी अनियमितताएं हेमू कालानी चौक स्थित स्टेशन रोड पर संचालित खालसा मीट शॉप के निरीक्षण के दौरान टीम को भारी गंदगी और अनियमिताएं मिलीं। दुकान के डीप फ्रीजर में रखा मांस और मछली पूरी तरह बदबूदार अवस्था में पाए गए। जांच में सामने आया कि इस दुकान से कस्बे और आसपास के छोटे दुकानदारों को भी मांस की आपूर्ति की जाती है। जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ देख खाद्य सुरक्षा एवं संयुक्त टीम ने दुकान को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया।

प्रमुख डेयरियों और मिष्ठान भंडारों से लिए गए नमूने संयुक्त टीम ने विजय डेयरी, संजय डेयरी, लखन होटल, गोपाल स्वीट्स, गोपाल दूध डेयरी, आनंद डेयरी और राहुल रोचवानी जूस सेंटर आदि की भी जांच की। टीम ने विजय डेयरी, संजय डेयरी और गोपाल दूध डेयरी से घी व पनीर के नमूने लिए, जबकि आनंद डेयरी और गोपाल स्वीट्स से मिल्क केक, लड्डू, डोडा बर्फी, रसगुल्ला, गुलाब जामुन और पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए भिजवाए हैं।

इस पूरी कार्रवाई के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अजीत कुड़ी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट, खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार यादव और पुलिस जाब्ता मौजूद रहा। इस कार्रवाई से शहर के मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................