राजकीय विधार्थियों का भविष्य अंधकार में : महाविद्यालय परिसर में फिर भरा पानी
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। प्री मानसून की दस्तक से मकराना शहर का पी एम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय व राजकीय महाविद्यालय में विधार्थियों का भविष्य अंधकार में ही जाता प्रतीत होता है। अभी हाल ही एक दो दिन प्री मानसून की बरसात में बरसात का पानी स्कूल व कॉलेज में पूरा भर गया तथा क्लासों के अन्दर तक बारिश का पानी समा गया। स्कूल व कॉलेज में पानी की निकासी नहीं होने के कारण पानी तीन से चार दिनों तक जमा रहता है और कीचड़ की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। अब कुछ ही दिनों में नया सत्र शुरू हो रहा है। ऐसे में विधार्थीगण राजकीय स्कूल व महाविद्यालय में अपना एडमिशन लेने के लिए सोचने को मजबूर हो रहे है कि एडमिशन लें या ना लें, हालांकि पिछले 3 वर्ष पूर्व अत्यधिक बारिश से विद्यालय परिसर पूरी तरह से लबालब भर गया था और सभी कक्षा कक्ष लगभग पूरी तरह पानी में डूब गए थे। जिससे स्कूल में रखा रिकॉर्ड और विद्युत उपकरण सहित फर्नीचर भी खराब हो गया था और विद्यालय की बिल्डिंग को भी काफी नुकसान पहुंचा था। बारिश के समय विद्यालय के साथ साथ न्यायालय परिसर, उप जिला चिकित्सालय, नगर परिषद कार्यालय, पंचायत समिति कार्यालय आस पास ही के क्षेत्र में है और कई वर्षों से यहां जल भराव की स्थिति बनी हुई है। अब देखना है कि जिम्मेदार कब तक इस समस्या का समाधान कर पाते है।