बिजली विभाग का अधिशाषी अभियंता घूस लेते गिरफ्तार
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) भरतपुर में भ्र्ष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने मंगलवार दोपहर रीको इंडस्ट्रियल एरिया में राजस्थान विद्युत प्रसारण निगम के एक अधिशाषी अभियंता को उसी के कार्यालय में 30 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर नकदी को बरामद कर लिया। बरामद की गई नकदी में 5 हजार के असली और 25 हजार के डमी नोट शामिल है। ब्यूरो के भरतपुर में तैनात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित सिंह द्वारा टीम के साथ की गई कार्रवाई के बारे में बताया गया कि अधिशाषी अभियंता अविनाश सोनी ने सिविल वर्क करने बाली भरतपुर की एक फर्म के मालिक से बिल पास करने के एवज में रिश्वत की मांग की। इस मामले का रोचक तथ्य यह भी है कि आरोपी अधिशाषी अभियंता ने पहले 15 हजार की माँग की थी लेकिन ब्यूरो जब शिकायत के सत्यापन की कार्रवाई कर रही थी इसी दौरान अभियंता ने रिश्वत की राशि 15 हजार से बढ़ा कर 36 हजार कर दी। आखिर में परिवादी और आरोपी अधिशाषी अभियंता के बीच 30 हजार रुपए में सहमति बनी। बताया गया कि जैसे ही परिवादी ने अधिशाषी अभियंता को उसके ऑफिस में 5 हजार के असली और 25 हजार के डमी नोट पकड़ाए ब्यूरो की टीम ने आकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी अभियंता मुंह छिपाए बैठा रहा।