प्रदेश स्तरीय वन महोत्सव में केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान की स्टॉल रही आकर्षण का केंद्र: नवाचारों को मुख्यमंत्री ने सराहा
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित वार्षिक वन महोत्सव के अवसर पर जयपुर में आयोजित कार्यक्रम में केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान का स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्वयं स्टॉल का अवलोकन किया तथा केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान में किये गए नवाचार, पर्यटकों की सुविधाओं के लिए किए गए कार्यों की सराहना की। उद्यान के निदेशक मानस सिंह ने पिछले दिनों कराए गए कार्यों, पर्यटक सुविधाओ की जानकारी देकर भविष्य की कार्ययोजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। मुख्यमंत्री शर्मा ने केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान के स्टॉल का अवलोकन करते हुए वन विभाग द्वारा जैव विविधता संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता के प्रयासों की सराहना की।
स्टॉल की झलकियां-
स्टॉल में केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान की अद्वितीय आर्द्रभूमि, प्रवासी एवं स्थानीय पक्षियों की प्रजातियों, तथा जीव संरक्षण संबंधी शैक्षणिक सामग्री को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल के रूप में पार्क की स्थिति और बर्ड वॉचिंग में इसकी अहमियत को दर्शाया गया। इसमें पिछले दो वर्ष में केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान में किए गए कार्यो को भी प्रदर्शित किया गया।