महिला अधिकारिता विभाग द्वारा लाडो उत्सव हुआ आयोजित
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन)महिला अधिकारिता विभाग, अलवर द्वारा ब्लॉक लक्ष्मणगढ़ में फ्लैगशिप योजना लाडो प्रोत्साहन योजना के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में लाडो उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन विभाग के ब्लॉक पर्यवेक्षक मकसूद अहमद के निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व्याख्याता रितिका मनोजा, वरिष्ठ अध्यापक जब्बार खान एवं अंजना शर्मा, एडवोकेट सुनीता शर्मा तथा एएनएम रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत में बेटी जन्मोत्सव के तहत केक काटकर बालिकाओं का जन्मदिन मनाया गया।
ग्राम पंचायत कफ़नवाड़ा से साथिन सीमा पंजाबी ने मंच संचालन करते हुए लाडो योजना की विस्तृत जानकारी दी। वहीं स्वागत कार्यक्रम साथिन आशा राजपूत एवं अन्य साथिनों द्वारा किया गया।
ब्लॉक पर्यवेक्षक मकसूद ने लाडो योजना की उपलब्धियों के साथ-साथ शिक्षा सेतु अभियान के प्रचार-प्रसार पर बल दिया तथा साथिनों को ब्लॉक की सभी ग्राम पंचायतों में ड्रॉपआउट बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने के लिए लक्ष्य निर्धारित किए।
इस अवसर पर व्याख्याता रीतिका मनोजा एवं वरिष्ठ अध्यापक जब्बार खान ने बालिका शिक्षा पर अपने विचार रखते हुए लाडो योजना को बालिकाओं की उच्च शिक्षा हेतु प्रेरणास्रोत बताया। वरिष्ठ अध्यापक अंजना शर्मा ने सीडब्ल्यूएसएन (विशेष शिक्षा) के बारे में जानकारी दी और बालिकाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
एडवोकेट सुनीता शर्मा ने महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। पर्यवेक्षक ने साथीनों के कार्य की सराहना की कार्यक्रम में ब्लॉक की सभी साथिनों एवं लाभार्थी महिलाओं की उपस्थिति रही। अल्पाहार के बाद कार्यक्रम का समापन धन्यवाद के साथ किया गया।


