भरतपुर :श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशुमेला का आयोजन की तैयारी बैठक

समस्त अधिकारी मेले की तैयारियां प्रतिबद्धता के साथ समय पर पूरी करें: जिला कलक्टर

Aug 22, 2025 - 14:35
 0
भरतपुर :श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशुमेला का आयोजन की तैयारी बैठक

भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) 22 अगस्त। जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में श्री जसवंत प्रदर्शनी मेला की तैयारियों की समीक्षा बैठक शुक्रवार कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। जिसमें भरतपुर विधायक डॉ. सुभाष गर्ग सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। 
जिला कलक्टर ने कहा कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशु मेला का आयोजन 27 सितम्बर से 6 अक्टूबर तक निर्धारित कार्यक्रमानुसार आयोजित किया जायेगा। उन्होंने रियासत कालीन ऐतिहासिक एवं परंपरागत श्री जसवंत प्रदर्शनी के आयोजन के संबंध में अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा इस मेले का आयोजन समारोहपूर्वक किया जाएगा इससे आमजन की भावना जुड़ी हुई है। उन्होंने नगर निगम एवं भरतपुर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को मेला स्थल पर आवश्यक सुधार कार्यों को समय पर पूरा करते हुये मूलभूत सुविधाऐं विकसित करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त कलक्टर शहर राहुल सैनी ने  अब तक की गई तैयारियों एवं कार्यवाही के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
जिला कलक्टर ने बीडीए को दुकानों के सौन्दर्यकरण कार्य को 15 सितम्बर तक पूरा कर पशुपालन विभाग को हस्तांतरित करने, मेला स्थल पर पशुपालन विभाग को 20 शौचालय, 20 पेशाबघर बनाने तथा साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी दुकानों व वाहन पार्किंग स्थल की नीलामी प्रक्रिया पोर्टल के माध्यम से ऑनलाईन करने के निर्देश दिये। उन्होंने पेयजल व्यवस्था सभी दुकानों में विद्युत कनेक्शन की ऑडिट करने, पुलिस चौकी पर माईक सिस्टम एवं सीसी टीवी कैमरे का फीड देने के निर्देश दिये। उन्होंने पानी की निकासी के लिये बीडीए एवं निगम को अतिरिक्त पम्प सैट लगाने के निर्देश दिये। 
विधायक डॉ. गर्ग ने मेले को भव्य रूप में आयोजित करने के लिये सभी विभागों को समन्वय से कार्य करने का सुझाव दिया। उन्होंने मेले में बाहर से आने वाले दुकानदारों का बीमा कराने, हाईमास्क लाईट लगाने, साफ-सफाई की पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश दिये।
बैठक में मेला स्थल पर महाराजा श्री जसवंत सिंह की प्रतिमा लगाने के लिये प्रस्ताव लिया गया जिसके लिये जिला स्तर पर समिति का गठन कर आगामी वर्ष में आयोजित होने वाले मेले से पूर्व तैयारियां पूरी करने का निर्णय लिया गया।
पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. रामकिशन महावर ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रमानुसार 27 सितम्बर को मेला एवं प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जायेगा, 27 एवं 29 सितम्बर को पशु प्रतियोगिता, 29 को भजन जिकड़ी, 30 को नौटंकी, 1 अक्टूबर को ढोला गायन, 1 से 3 अक्टूबर को कुश्ती दंगल, 2 अक्टूबर को रावण दहन, 3 अक्टूबर को सांस्कृतिक संध्या, 3 व 4 को तकनीकी सेमीनार, 4 को बाजार प्रतियोगिता अथवा भजन संध्या, 5 को क्षेत्रीय कवि सम्मेलन अथवा लाफ्टर शो, 6 अक्टूबर को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं सांय 3.30 बजे से पारितोषिक वितरण एवं समापन कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। उन्होंने बताया कि 22 सितम्बर को पशुमेला चौकी लगाकर पैनल्टी रवन्ना लिया जाना प्रस्तावित है। 
     इस अवसर पर अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा, सहायक पुलिस अधीक्षक पंकज यादव, बीडीए अधिशाषी अभियांता डीपी शर्मा, नगर निगम अधिशाषी अभियंता राहुल मित्तल, संयुक्त निदेशक कृषि सुरेश गुप्ता, कुश्ती संघ के सचिव चुन्नी कप्तान सहित सम्बंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................