12 रबीउल अव्वल पर शराबबंदी हेतु सौंपा ज्ञापन
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। एआईएमआईएम के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष जमील खान के निर्देश अनुसार एआईएमआईएम पार्टी की ओर से उपखंड अधिकारी मकराना के मार्फत जिला कलेक्टर डीडवाना-कुचामन के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई कि इस्लाम धर्म के पैगम्बर हज़रत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम का पैदाइशी दिन 12 रबीउल अव्वल 05 सितम्बर 2025 को जिलेभर की सभी शराब की दुकानों को एक दिन के लिए बंद रखा जाए। ज्ञापन में बताया गया कि इस पवित्र दिन पर जुलूस-ए-मोहम्मदी, धार्मिक कार्यक्रम और जश्न-ए-ईद-मिलादुन्नबी आयोजित होंगे। शराब की बिक्री से नशाखोरी फैलने और जुलूस के दौरान अशांति की आशंका बनी रहती है। ऐसे में प्रशासन द्वारा शराब की दुकानों को बंद रखना समाज में अमन-शांति और भाईचारा बनाए रखने के लिए आवश्यक है। इस अवसर पर आबिद अली गैसावत जिला प्रभारी नागौर एवं प्रदेश प्रवक्ता, AIMIM पार्टी राजस्थान के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा गया, साथ ही एडवोकेट समीर अहमद गैसावत, फय्याज अहमद चौहान, मोहम्मद रज़ा बेहलीम, अकरम सिसोदिया, मोहम्मद अरमान सिसोदिया आदि मौजूद रहे।