छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री के नाम अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा
खैरथल (हीरालाल भूरानी) खैरथल-तिजारा जिले के उपखण्ड मुण्डावर क्षेत्र के ग्राम जिंदोली सुरंग के पास अलवर मार्ग पर स्थित बिना आईएनसी मान्यता के चल रहा संवर्धन कॉलेज ऑफ नर्सिंग का मामलातुल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को दर्जनों आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री राजस्थान सरकार जयपुर के नाम अतिरिक्त जिला कलक्टर शिवपाल जाट जिला खैरथल- तिजारा को ज्ञापन सौंपा है, जिसमें कॉलेज संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। विद्यार्थियों द्वारा मुख्यमंत्री और चिकित्सा एवं स्वस्थ्य मंत्री के नाम दिए गए ज्ञापन में बताया कि खैरथल-तिजारा जिले के उपखण्ड मुण्डावर क्षेत्र के ग्राम जिंदोली सुरंग के पास अलवर मार्ग पर स्थित संवर्धन कॉलेज ऑफ नर्सिंग बिना आईएनसी मान्यता के चल के चल रही है। हमारा बैच वर्ष 2020-2024 का है। आईएनसी मान्यता किसी भी नर्सिंग कॉलेज के लिए अनिवार्य है। आईएनसी मान्यता से ही यह सुनिश्चित होता है कि कॉलेज राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त है और यहां से पढ़ने वाले विद्यार्थियों की डिग्री पूरे भारत में मान्य रहती है।

