बार बार अवगत कराने के बाबजूद भी समस्या का नहीं निराकरण, स्वीकृत सड़क का निर्माण नहीं होने पर ग्रामीणों ने दिया ज्ञापन
वैर (भरतपुर/ कौशलेन्द्र दत्तात्रेय). उपखंड वैर के गांव गुठाकर के ग्रामीणों ने समराया से गुठाकर को जाने वाली स्वीकृत सड़क का निर्माण कार्य कराने के लिए तहसीलदार एवं अधिशाषी अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग खंड वैर को दिया ज्ञापन। ज्ञापन में उल्लेख किया है कि तत्कालीन कांग्रेस शासन काल में बजट घोषणा के तहत स्टेट हाइवे स्थित गांव समराया से गुठाकर के लिए सड़क स्वीकृत की गई। जिस सड़क का निर्माण कार्य आज तक पूर्ण नहीं हुआ है। उक्त सड़क मार्ग पर गहरे गड्ढे हो रहे है जिसके कारण लोगों का गुजरना वमुश्किल हो रहा है। समराया से गुठाकर जाने के लिए एक मात्र रास्ता होने के कारण स्कूली छात्र छात्राओं को आने जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्कूली छात्र छात्राओं को विद्यालय, ट्यूशन आदि कार्यों के लिए आना जाना नहीं हो पाता है। बुजुर्ग एवं महिलाएं को भी आने जाने में भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। वहीं दुपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं । ग्रामीणों ने बताया कि कई बार सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत करा दिया। लेकिन विभाग के द्वारा कोई सुनवाई नहीं की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि अगर तीन दिवस के उपरांत सड़क निर्माण कार्य नहीं हुआ मजबूरन आन्दोलन की राह पर जायेंगे। जिसकी समस्त जिम्मेदारी अधिशाषी अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग की होगी। ज्ञापन पर रोशन मास्टर,लखन सिंह, महेश,बकील, गंगा, बहादुर मेम्बर,केदार मास्टर, प्रेमसिंह आदि के हस्ताक्षर मौजूद थे।